फरेंदा में डिवाइडर से टकराकर पलटी कार, चालक सुरक्षित; बड़ा हादसा टला
दिलीप त्रिपाठी | जिला प्रभारी महराजगंज
आनंदनगर/महराजगंज। गोरखपुर-सोनौली राष्ट्रीय राजमार्ग पर चक्रवात अर्नब के दौरान तेज बारिश के बीच एक कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने के बाद सड़क पर पलट गई। हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसके चारों पहिए ऊपर हो गए। हालांकि, राहत की बात रही कि चालक सुरक्षित बच गया और कोई जनहानि नहीं हुई।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को करीब चार बजे परसौनी, पुरंदरपुर निवासी सुनील जायसवाल अपनी निजी कार से गोरखपुर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान फरेंदा क्षेत्र के बाजारडीह स्थित राजन ढाबा के सामने अचानक कार अनियंत्रित हो गई और डिवाइडर से टकराकर हाईवे पर पलट गई।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए क्षतिग्रस्त कार से चालक को सुरक्षित बाहर निकाला। सूचना मिलते ही फरेंदा के प्रभारी निरीक्षक राघवेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ बारिश के बीच घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहन को सड़क से हटवाकर हाईवे पर यातायात सुचारु कराया।
हादसे में कार को काफी नुकसान पहुंचा, लेकिन चालक के सुरक्षित बचने से सभी ने राहत की सांस ली।






