मनोज कुमार त्रिपाठी
महराजगंज। सोनौली उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के नगर अध्यक्ष सुभाष चन्द्र जायसवाल ने SSB निरीक्षक मुकेश कुमार पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक महराजगंज को शिकायती पत्र भेजा है। उन्होंने अपनी जान को खतरा बताते हुए गलत तरीके से फंसाए जाने की आशंका जताई है।
शिकायती पत्र के मुताबिक, करीब दो महीने पहले सुभाष चन्द्र जायसवाल ने भारत-नेपाल सीमा के सोनौली मुख्य गेट के पूरब की तरफ रात के समय नेपाल से भारत में कथित तस्करी होने के संबंध में SSB के उच्चाधिकारियों से लिखित शिकायत की थी।
आरोप है कि इस शिकायत के बाद SSB निरीक्षक मुकेश कुमार उनसे नाराजगी रखते हैं। व्यापार मंडल अध्यक्ष ने आशंका जताई है कि उन्हें किसी झूठे मामले में फंसाया जा सकता है या उनके साथ कोई अप्रिय घटना हो सकती है।
उन्होंने पुलिस अधीक्षक से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, संबंधित निरीक्षक के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई करने और अपनी सुरक्षा सुनिश्चित कराने की मांग की है।
शिकायती पत्र की प्रतिलिपि जिलाधिकारी महराजगंज और SSB की 22वीं वाहिनी के सेनानायक को भी भेजी गई है।






