आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर महराजगंज में सियासी सरगर्मी तेज
उमेश चन्द्र त्रिपाठी
महराजगंज! उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर जहां सियासी सरगर्मी तेज हो गई है वहीं दूसरी तरफ महराजगंज जिले की नौतनवां और फरेंदा विधानसभा सीट पर निषाद पार्टी ने चुनाव लड़ने की तैयारी का ऐलान कर राजनीतिक हलचल बढ़ा दी है। शुक्रवार को फरेंदा पहुंचे पार्टी के पूर्व सांसद प्रवीण निषाद ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में अपनी चुनावी रणनीति और आगामी कार्यक्रमों की जानकारी दी।
प्रवीण निषाद ने कहा कि पार्टी दोनों विधानसभा क्षेत्रों में पूरी मजबूती से चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है। दीपावली के बाद निषाद समाज का महासम्मेलन आयोजित किया जाएगा, जिसके जरिए समाज को एकजुट करने के साथ पार्टी अपनी ताकत का प्रदर्शन करेगी।
वार्ता के दौरान उन्होंने निषाद समाज के आरक्षण, सामाजिक भागीदारी और राजनीतिक अधिकारों की बात उठाते हुए कहा कि पार्टी समाज के मान-सम्मान और अधिकारों की लड़ाई जारी रखेगी। उन्होंने समाज की एकजुटता को आगामी चुनाव के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण बताया।
इस दौरान फरेंदा विधानसभा क्षेत्र से चुनावी तैयारी कर रहे नेता निशांत त्रिपाठी की प्रवीण निषाद के साथ मंच पर मौजूदगी ने टिकट की दावेदारी को लेकर चर्चाएं तेज कर दीं। प्रवीण निषाद के ऐलान से फरेंदा की राजनीति में नई हलचल जरूर पैदा हो गई है। अब दीपावली के बाद होने वाले महासम्मेलन और पार्टी के अगले कदम पर सभी की निगाहें टिकी हैं।







