एसपी केशव कुमार के नेतृत्व में 453 नेपाली नागरिकों को मिला नया जीवन

नेपाल दूतावास ने पत्र भेजकर जताया आभार

कप्तान ने अपनी कप्तानी का मनवाया लोहा

अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर हो रही सराहना

उमेश चन्द्र त्रिपाठी

नई दिल्ली ! यूपी के जनपद कुशीनगर में फर्जी नेटवर्किंग स्कीम के जाल में फंसे 453 नेपाली नागरिकों को सुरक्षित बचाने के लिए कुशीनगर पुलिस द्वारा की गई त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई की नेपाली दूतावास ने सराहना की है।

नई दिल्ली स्थित नेपाली दूतावास की ओर से कुशीनगर के पुलिस अधीक्षक केशव कुमार को आधिकारिक पत्र भेजकर उनके नेतृत्व और पुलिस टीम के मानवीय प्रयासों के प्रति गहरा आभार व्यक्त किया गया है।

नेपाली दूतावास की द्वितीय सचिव तारा शर्मा द्वारा 12 अक्टूबर 2026 को भेजे गए पत्र में उल्लेख किया गया है कि कुशीनगर जनपद में फर्जी नेटवर्किंग योजना में फंसे कुल 453 नेपाली नागरिकों को उत्तर प्रदेश पुलिस ने त्वरित और समन्वित कार्रवाई करते हुए सुरक्षित बचाया। इनमें 115 महिलाएं और 338 पुरुष शामिल थे।

पत्र में कहा गया है कि पुलिस की तत्परता और बेहतर समन्वय के चलते सभी नागरिकों को सुरक्षित बचाकर नेपाल के रुपनदेही स्थित जिला पुलिस कार्यालय को सौंपा गया। इस पूरी कार्रवाई में एसपी केशव कुमार के नेतृत्व और अधिकारियों के बीच बेहतर तालमेल की विशेष सराहना की गई है।

नेपाली दूतावास ने अपने पत्र में कहा कि इस तरह की मानवीय कार्रवाई से भारत और नेपाल के बीच आपसी विश्वास, सहयोग और मैत्रीपूर्ण संबंध और मजबूत हुए हैं। साथ ही मानव तस्करी, शोषण और धोखाधड़ी जैसी गतिविधियों से vulnerable नागरिकों की सुरक्षा के प्रति उत्तर प्रदेश पुलिस की प्रतिबद्धता की भी सराहना की गई।

दूतावास ने भविष्य में भी इसी प्रकार के सहयोग की अपेक्षा जताते हुए एसपी केशव कुमार के प्रति सम्मान और आभार प्रकट किया है।

नेपाली दूतावास से मिला यह आधिकारिक प्रशंसा पत्र कुशीनगर पुलिस की अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर हुई सराहना और मानवीय पुलिसिंग के प्रयासों को रेखांकित करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *