नौतनवा में पुलिस-SSB की बड़ी कार्रवाई, 648 बोतल ओल्ड मंक रम बरामद; तीन गिरफ्तार

क्रेटा कार में नौ बैगों में छिपाकर ले जाई जा रही थी अवैध शराब, बैरियाहवा पुल के पास पकड़े गए तीनों आरोपी

मनोज कुमार त्रिपाठी 

महराजगंज। भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नौतनवा पुलिस और एसएसबी की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त टीम ने रविवार, 1 नवंबर को बैरियाहवा पुल के पास चेकिंग के दौरान एक क्रेटा कार से 648 बोतल ओल्ड मंक रम बरामद करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार, बरामद शराब नीले रंग के नौ बैगों में रखी गई थी। शराब की खेप क्रेटा कार संख्या UP23AW6249 से ले जाई जा रही थी। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हरियाणा निवासी हरिओम प्रजापति (27), दिल्ली निवासी मनीष कुमार (24) और नेपाल के कास्की जिले के निवासी विजय भुजील (34) के रूप में हुई है।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक महराजगंज शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में, अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी नौतनवा बसंत सिंह के पर्यवेक्षण में की गई। थानाध्यक्ष नौतनवा के नेतृत्व में पुलिस और एसएसबी की संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना पर संदिग्ध वाहनों की जांच के दौरान सुबह करीब 5:30 बजे आरोपियों को पकड़ा।

पुलिस ने तीनों आरोपियों के विरुद्ध थाना नौतनवा में मु0अ0सं0 215/2026 के तहत आबकारी अधिनियम की धारा 60/63 में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

इस संयुक्त कार्रवाई में उपनिरीक्षक शेर बहादुर यादव, प्रशांत दुबे, रोहित यादव, हिमांशु सिंह, कांस्टेबल अनिल खरवार तथा एसएसबी की 66वीं वाहिनी के निरीक्षक जितेंद्र कुमार ठाकुर, सीटीजीडी अमित कुमार शर्मा और लोकेश कुमार शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *