लेहड़ा देवी मंदिर में चला स्वच्छता अभियान 

डीएम और सीडीओ ने खुद संभाली कमान, दिए सख्त निर्देश

उमेश चन्द्र त्रिपाठी 

महराजगंज! नवरात्रि के पावन पर्व पर महराजगंज जनपद के फरेंदा स्थित लेहड़ा देवी मंदिर परिसर में रविवार को स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ एवं सुव्यवस्थित बनाए रखने के उद्देश्य से जिलाधिकारी सन्तोष कुमार शर्मा एवं मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से निरीक्षण किया। इस दौरान दोनों अधिकारियों ने स्वयं सफाई कार्य कर स्वच्छता के प्रति जन-जागरूकता का संदेश भी दिया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मंदिर परिसर से होकर प्रवाहित नाले की सफाई व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए उपजिलाधिकारी फरेंदा एवं जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देशित किया कि नाले की नियमित सफाई सुनिश्चित कराई जाए। साथ ही नाले की पैमाइश कर उसका विधिवत चिन्हांकन कराने के निर्देश दिए, जिससे जल निकासी में किसी तरह का कोई व्यवधान न हो। मंदिर परिसर में फूल-माला एवं अन्य जैविक अपशिष्ट के समुचित निस्तारण हेतु ऑर्गेनिक कम्पोस्टर मशीन स्थापित करने के निर्देश भी दिए गए। 

जिलाधिकारी ने कहा कि इससे तैयार कम्पोस्ट खाद का उपयोग मंदिर परिसर के सुन्दरीकरण एवं पौधारोपण में किया जाए, साथ ही आवश्यकता अनुसार श्रद्धालुओं में भी वितरित किया जा सके।

जिलाधिकारी ने बताया कि मंदिर परिसर में लगभग 400 दुकानें संचालित हैं, जो स्थानीय लोगों की आजीविका का प्रमुख स्रोत हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि इन दुकानों को सुव्यवस्थित एवं सुनियोजित ढंग से व्यवस्थित कराया जाए, ताकि दर्शनार्थियों के आवागमन में सुगमता बनी रहे और स्वच्छता व्यवस्था प्रभावी रूप से लागू हो सके। 

निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी ने पर्यटन विभाग द्वारा निर्मित अतिथि भवन, धर्मशाला एवं सीढ़ी-पौड़ी सहित अन्य निर्माण कार्यों का अवलोकन किया। साथ ही ग्राम पंचायत द्वारा कराए जा रहे तालाब सुन्दरीकरण कार्य का निरीक्षण करते हुए सुलभ शौचालय निर्माण हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। 

इससे पूर्व जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी ने मंदिर पहुंचकर आर्द्रवन देवी (लेहड़ा देवी) के दर्शन-पूजन कर जनपदवासियों के सुख-समृद्धि की कामना की। 

इस अवसर पर उपजिलाधिकारी शैलेन्द्र गौतम, जिला पंचायत राज अधिकारी सुश्री श्रेया मिश्रा, तहसीलदार वशिष्ठ कुमार, थानाध्यक्ष फरेंदा, मेला प्रभारी, पुलिस बल एवं स्वास्थ्य विभाग की टीम सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *