महराजगंज जिले में दिल दहला देने वाली घटना, उजड़ गया परिवार 

पहले दो मासूम बच्चों की ली जान, फिर खुद फंदे से झूल गया, कमरे में मिला दर्द भरा संदेश, पारिवारिक कलह की आशंका, जांच में जुटी पुलिस 

उमेश चन्द्र त्रिपाठी 

महराजगंज! महराजगंज जिले के नौतनवां  नगर में रविवार को एक ऐसी दर्दनाक घटना सामने आई जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया। एक पिता ने अपने दो मासूम बच्चों की जान लेने के बाद खुद भी फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। एक ही घर से तीन मौतों की खबर फैलते ही पूरे इलाके में मातम और सन्नाटा पसरा हुआ है।

भारत-नेपाल सीमा से सटे नौतनवां नगर पालिका के गांधीनगर वार्ड में रहने वाले अमरेश कुमार अपनी पत्नी वंदना कुमारी और दो छोटे बच्चों के साथ किराए के मकान में रहते थे। वंदना कुमारी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की 66‌ वीं वाहिनी मुख्यालय में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के पद पर तैनात हैं। बताया जा रहा है कि रविवार को वंदना रोज की तरह ड्यूटी पर चली गई थीं। घर में अमरेश अपने चार वर्षीय बेटी कंचन और तीन वर्षीय पुत्र अमरेंद्र के साथ था। इसी दौरान उसने पहले दोनों मासूम बच्चों का रस्सी से गला कस दिया। मासूमों की सांसें थमने के बाद उसने खुद भी कमरे में फंदा लगाकर जान दे दी। सुबह के समय घटना की जानकारी होने पर इलाके में हड़कंप मच गया। घर के अंदर का दृश्य देखकर लोगों की आंखें नम हो गईं। एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत से पूरे मोहल्ले में शोक का माहौल बन गया।

सूचना मिलते ही नौतनवां पुलिस और एसएसबी के अधिकारी मौके पर पहुंचे। कमरे की जांच के दौरान दीवार पर लिखा एक संदेश और सुसाइड नोट मिला, जिससे पारिवारिक कलह की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

अधिकारियों का कहना है कि मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है। वहीं इस हृदय विदारक घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *