तीन दिनों के इंतजार के बाद सीमावर्ती बाजारों में लौटी रौनक

उमेश चन्द्र त्रिपाठी 

महराजगंज! भारत-नेपाल सीमा के मुख्य प्रवेश द्वार, सोनौली में पिछले तीन दिनों से बना सन्नाटा आखिरकार खत्म हो गया है। बॉर्डर पूरी तरह खुलने के साथ ही सीमावर्ती बाजारों में ग्राहकों की भारी भीड़ देखी जा रही है जिससे व्यापारियों के चेहरे खिल उठे हैं।

नेपाल मे मतदान व होली पर्व के कारण पिछले तीन दिनों से आवाजाही पर लगे प्रतिबंधों के कारण बॉर्डर पर सन्नाटा पसर गया था, मगर जैसे ही सीमा खुली, न केवल स्थानीय लोग बल्कि नेपाल के दूर-दराज के क्षेत्रों से आए ग्राहकों की भारी भीड़ भारतीय बाजारों में उमड़ पड़ी।

 

 

सबसे ज्यादा भीड़ कपड़ों और श्रृंगार के सामान की दुकानों पर देखी गई। इसके अलावा किराना और घरेलू सामान की दुकानों पर सुबह से ही लंबी कतारें लगी 

रहीं। लंबे इंतजार के बाद एक साथ इतने ग्राहकों के आने से स्थानीय अर्थव्यवस्था को काफी मजबूती मिली है।

तीन दिनों के सन्नाटे के बाद आज बाजार में ऐसी रौनक देखकर लग रहा है कि व्यापार फिर से पटरी पर लौट आया है। ग्राहकों का यह काफिला उम्मीद से कहीं ज्यादा है।

भीड़ को देखते हुए सीमा सुरक्षा बल (SSB) और स्थानीय पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है। वाहनों की आवाजाही और पैदल यात्रियों की सघन जांच के बाद ही उन्हें प्रवेश दिया जा रहा है ताकि सुरक्षा और व्यवस्था दोनों बनी रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *