नेपाल में मस्टैंग एयर का हेलीकॉप्टर लापता, 5 लोग सवार, काठमांडू दोलखा रुप पर सुबह 9:15 बजे भरी थी उड़ान

उमेश चन्द्र त्रिपाठी 

काठमांडू! नेपाल में हवाई दुर्घटना को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। काठमांडू से दोलखा के लिए उड़ान भरने वाला मस्टैंग एयर का हेलीकॉप्टर उड़ान के कुछ ही देर बाद संपर्क से बाहर हो गया, जिससे प्रशासन में हड़कंप मच गया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हेलीकॉप्टर में 5 लोग सवार थे, जिनमें पायलट सहित अन्य यात्री शामिल हैं।

बताया जा रहा है कि हेलीकॉप्टर ने सुबह करीब 9:15 बजे काठमांडू से उड़ान भरी थी। लेकिन दोलखा की ओर बढ़ते समय अचानक एयर ट्रैफिक कंट्रोल से संपर्क टूट गया। अंतिम लोकेशन ट्रेस करने के लिए तकनीकी टीम लगातार प्रयास कर रही है।

नेपाल नागरिक उड्डयन प्राधिकरण अलर्ट पर है।नेपाल सेना और पुलिस द्वारा तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया है। पहाड़ी इलाकों में हेलीकॉप्टर और ड्रोन से सर्च ऑपरेशन जारी है 

नेपाल नागरिक उड्डयन प्राधिकरण के प्रवक्ता जगन्नाथ निरौला ने बताया हेलीकॉप्टर से अचानक संपर्क टूट गया है। हम अंतिम सिग्नल के आधार पर लोकेशन ट्रेस करने की कोशिश कर रहे हैं। “सर्च और रेस्क्यू टीमों को तुरंत तैनात कर दिया गया है और जल्द ही स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है।”

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, उस समय पहाड़ी क्षेत्रों में मौसम खराब होने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि, हादसे के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।

हेलीकॉप्टर के संपर्क टूटने से यात्रियों के परिजनों में चिंता का माहौल है। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि हर संभव प्रयास किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *