भंडारी होटलियर्स फेडरेशन ऑफ नेपाल के अध्यक्ष, महोत्रा बने महासचिव

मनोज कुमार त्रिपाठी 

पोखरा (कास्की)। फेडरेशन ऑफ होटलियर्स ऑफ नेपाल का पांचवां राष्ट्रीय आम सम्मेलन एवं 13वीं वार्षिक आम बैठक पोखरा, कास्की में सफलतापूर्वक संपन्न हुई। इस अवसर पर संगठन की नई कार्यकारिणी समिति का सर्वसम्मति से गठन किया गया।

आम सम्मेलन में टी.आर. भंडारी (शंकर) को फेडरेशन का अध्यक्ष चुना गया, जबकि रूपन्देही के भैरहवा निवासी राजेश महोत्रा को महासचिव पद की जिम्मेदारी सौंपी गई।

चुनाव के बाद नवनिर्वाचित अध्यक्ष टी.आर. भंडारी ने सभी प्रतिनिधियों, वरिष्ठ व्यवसायियों, चुनाव बोर्ड एवं समर्थकों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने फेडरेशन को मजबूत, पारदर्शी और सदस्य-केंद्रित संगठन के रूप में आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता जताई।

राजेश महोत्रा
राजेश महोत्रा

वहीं नवनिर्वाचित महासचिव राजेश महोत्रा ने कहा कि वे संगठन में संस्थागत सुधार एवं पारदर्शिता, होटल व्यवसायियों के अधिकारों के लिए कानूनी लड़ाई, पर्यटन संवर्धन में नेतृत्व, व्यापारियों के हितों की रक्षा, संकट प्रबंधन प्रणाली, नेटवर्किंग एवं सहयोग, सदस्य-केंद्रित सेवाएं, नीति सुधार के लिए पहल, तथा प्रशिक्षण और क्षमता विकास पर विशेष ध्यान देंगे।

गौरतलब है कि महासचिव बने राजेश महोत्रा वर्तमान में लुम्बिनी प्रांत पर्यटन विकास परिषद के सदस्य भी हैं।

फेडरेशन के इस नए नेतृत्व से होटल एवं पर्यटन व्यवसाय को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *