पुलिस की अनदेखी से परेशान युवक ने कराई ई-एफआईआर, कार्रवाई की मांग तेज
राहुल सिंह
महराजगंज जनपद के फरेन्दा क्षेत्र में एक व्यक्ति की मोटरसाइकिल चोरी होने का मामला सामने आया है, जिसमें पीड़ित ने स्थानीय पुलिस पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। आनंद विहार कॉलोनी, आनंदनगर निवासी राहुल कुमार चंचल के अनुसार, 27 फरवरी 2026 की रात लगभग 8 से 9 बजे के बीच उनकी हीरो पैशन प्रो मोटरसाइकिल (नंबर UP53CJ1244, काले रंग की) रामजानकी मंदिर, मुंडल स्थित अतिथि भवन के पास से चोरी हो गई।
पीड़ित ने बताया कि करीब एक घंटे बाद लौटने पर बाइक मौके से गायब मिली। आसपास खोजबीन और पूछताछ के बावजूद कोई सुराग नहीं मिला, जिसके बाद उन्होंने रात 10 बजे 112 नंबर पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। इसके साथ ही फरेन्दा थाने में लिखित शिकायत भी दी गई।
राहुल ने आगे बताया कि 28 फरवरी 2026 को उन्होंने आईजीआरएस पोर्टल (शिकायत संख्या 400187266003652) के माध्यम से भी मामले की जानकारी दी और 7 मार्च 2026 को संपूर्ण समाधान दिवस, तहसील फरेन्दा में भी प्रार्थना-पत्र सौंपकर एफआईआर दर्ज कराने का प्रयास किया। हालांकि, उनके आरोप के मुताबिक थानाध्यक्ष द्वारा मामले को गंभीरता से नहीं लिया गया और लगातार टालमटोल किया गया।
पुलिस से निराश होकर अंततः पीड़ित को ई-एफआईआर दर्ज करानी पड़ी। उन्होंने कहा कि यह बाइक उनकी मेहनत की कमाई से खरीदी गई थी और उनके दैनिक जीवन में बेहद जरूरी साधन है।
वहीं, इस संबंध में जब पुलिस पक्ष से जानकारी ली गई तो थानाध्यक्ष फरेन्दा योगेंद्र राय ने बताया कि युवक द्वारा तहरीर दी गई थी और सीसीटीवी सहित अन्य माध्यमों से जांच की जा रही थी। उन्होंने कहा कि युवक द्वारा पहले ही ऑनलाइन एफआईआर दर्ज कर दी गई है, इसलिए दोबारा एफआईआर दर्ज नहीं की जाएगी, लेकिन मामले की जांच जारी है।
पीड़ित ने प्रशासन से मांग की है कि मामले में जल्द से जल्द कार्रवाई करते हुए उनकी बाइक बरामद की जाए और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।
#Maharajganj #Farenda #BikeTheft #UPPolice #EFIR #CrimeNews #PoliceNegligence #JusticeForRahul #BreakingNews #LocalNews