गैस वितरण में अव्यवस्था पर भड़के भाजपा नेता जितेंद्र जायसवाल, एसडीएम को ज्ञापन देकर 18 मार्च तक सुधार का दिया अल्टीमेटम

मनोज कुमार त्रिपाठी 

नौतनवां महराजगंज! 

गैस वितरण में अव्यवस्था और उपभोक्ताओं की बढ़ती परेशानियों को लेकर भाजपा के वरिष्ठ नेता जितेंद्र जायसवाल ने कड़ा रुख अपनाया है। शुक्रवार को उन्होंने आम जनता और भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर जिलाधिकारी महराजगंज को संबोधित एक ज्ञापन एसडीएम नौतनवां नवीन कुमार के माध्यम से सौंपा और गैस एजेंसी की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए।

जितेंद्र जायसवाल ने कहा कि गैस रिफिल की कोई कमी नहीं है, लेकिन स्थानीय गैस एजेंसी की व्यवस्था बेहद लचर है। ऑनलाइन बुकिंग के लिए जारी किया गया नंबर अक्सर इनवैलिड बता रहा है, जिससे उपभोक्ताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने मांग की कि जब ऑनलाइन बुकिंग संभव नहीं हो रही है, तो उपभोक्ताओं की पासबुक देखकर 25 दिन के निर्धारित अंतराल के अनुसार गैस की होम डिलीवरी सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने आरोप लगाया कि गैस सिलेंडर के मूल्य में होम डिलीवरी चार्ज शामिल होने के बावजूद उपभोक्ताओं से ₹50 या उससे अधिक की अतिरिक्त वसूली की जा रही है। इस पर तत्काल रोक लगाने की मांग की गई है। साथ ही एजेंसी कार्यालय पर ई-केवाईसी और अन्य कार्यों के लिए लंबी-लंबी लाइनें लग रही हैं, जिससे महिलाएं और व्यापारी घंटों तक परेशान हो रहे हैं। उन्होंने एजेंसी में एक के बजाय कई काउंटर खोलने की मांग की।

जायसवाल ने यह भी कहा कि कई उपभोक्ताओं ने ऑनलाइन बुकिंग कराई, लेकिन जब गैस लेने पहुंचे तो सिस्टम में पहले ही डिलीवरी दिखा दी गई थी, जो गंभीर अनियमितता का संकेत है। उन्होंने गैस वितरण में किसी भी तरह की राजनीति या पक्षपात को गलत बताते हुए कहा कि एजेंसी सभी उपभोक्ताओं की है और इसमें भेदभाव नहीं होना चाहिए।

भाजपा नेता ने प्रशासन को 18 मार्च तक व्यवस्था सुधारने का अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी कि यदि समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वह जनता के साथ धरना-प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी स्थानीय प्रशासन और गैस एजेंसी प्रबंधन की होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *