“हिट एंड रन का खुलासा: टक्कर मारकर फरार हुआ चालक, फुटेज के आधार पर गिरफ्त में”
राहुल सिंह
महराजगंज | 23 मार्च 2026
महराजगंज जिले में 17 मार्च को हुई युवक अरविंद चौधरी की मौत ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी थी। शुरुआत में इस घटना को हत्या के रूप में देखा जा रहा था, लेकिन अब पुलिस जांच और सीसीटीवी फुटेज ने सच्चाई उजागर कर दी है—यह एक दर्दनाक सड़क हादसा था।
पूरी खबर यहां देखें 👇 👇
https://www.facebook.com/share/v/183ScpeGjL/
पुलिस द्वारा घटनास्थल और पीपीगंज टोल प्लाजा के कैमरों की गहन जांच में सामने आया कि वाहन संख्या UP53 FP 8586 ने तेज रफ्तार और लापरवाही से अरविंद चौधरी को टक्कर मारी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मौके पर ही उनकी जान चली गई।
फुटेज में साफ देखा गया कि हादसे के बाद चालक बिना रुके फरार हो गया। वह अगले कट से यू-टर्न लेकर सर्विस लेन के रास्ते छतरी पुल के नीचे से वापस गोरखपुर की ओर निकल गया। खास बात यह रही कि जाते समय वाहन सही था, लेकिन लौटते समय उसमें नुकसान स्पष्ट दिखाई दिया—जिससे हादसे की पुष्टि हुई।
पुलिस ने तेजी दिखाते हुए वाहन मालिक तक पहुंच बनाई और चालक राजेंद्र प्रजापति (31) तथा सहयात्री सचिन (19) को हिरासत में ले लिया है। दोनों से पूछताछ जारी है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि आखिर कब तक तेज रफ्तार और लापरवाही लोगों की जान लेती रहेगी। एक परिवार ने अपना बेटा खो दिया—और वजह बनी सिर्फ एक लापरवाही।