गैस एजेंसी की लापरवाही से उपभोक्ता परेशान, नंबर अपडेट न होने से नहीं मिल रहा सिलेंडर

सीएम पोर्टल पर शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं, गैस के अभाव में परिवार पर संकट

मनोज कुमार त्रिपाठी

कैंपियरगंज (गोरखपुर)।

घरेलू गैस कनेक्शन होने के बावजूद एक उपभोक्ता को सिलेंडर के लिए बार-बार एजेंसी के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। मोबाइल नंबर अपडेट न होने के कारण गैस बुकिंग नहीं हो पा रही है, जिससे परिवार के सामने रसोई का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। परेशान उपभोक्ता ने मामले की शिकायत मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल पर दर्ज कराते हुए कार्रवाई की मांग की है।

 

YouTube player

 

कैंपियरगंज तहसील क्षेत्र के ग्राम खजुरगांवा, टोला दूबेपुर निवासी प्रशांत द्विवेदी ने बताया कि उनका घरेलू गैस कनेक्शन महराजगंज जनपद के आनंदनगर स्थित इंडेन गैस सर्विस से है। उनका पुराना मोबाइल नंबर बंद हो जाने के बाद उन्होंने नया नंबर लिंक कराने के लिए कई बार एजेंसी मालिक और कर्मचारियों से अनुरोध किया, लेकिन बार-बार कहने के बावजूद नंबर अपडेट नहीं किया गया।

प्रार्थी का आरोप है कि एजेंसी द्वारा समस्या का समाधान नहीं किए जाने के कारण वह गैस बुकिंग नहीं कर पा रहे हैं। इससे उनके परिवार के सामने रसोई गैस का संकट उत्पन्न हो गया है। उन्होंने बताया कि गैस के अभाव में परिवार को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

मामले को लेकर प्रशांत द्विवेदी ने मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत संख्या 40018826012285 के माध्यम से खाद्य एवं रसद विभाग को अवगत कराया गया है। शिकायत की श्रेणी “रसोई गैस आपूर्ति (LPG) से संबंधित समस्या” दर्ज की गई है।

पोर्टल पर उपलब्ध जानकारी के अनुसार यह शिकायत फिलहाल लंबित है और इसे जिला पूर्ति अधिकारी गोरखपुर को अग्रसारित किया गया है। शिकायत 15 मार्च 2026 को ऑनलाइन स्थानांतरित की गई है और इसके निस्तारण की नियत तिथि 14 अप्रैल 2026 निर्धारित की गई है।

पीड़ित उपभोक्ता ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की जांच कर एजेंसी को निर्देशित किया जाए, ताकि उनका मोबाइल नंबर तुरंत अपडेट किया जा सके और उन्हें नियमानुसार गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जा सके। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं हुआ तो उपभोक्ताओं की परेशानियां और बढ़ सकती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *