नौतनवां तहसील के उपनिबंधक पर भ्रष्टाचार और कथित तौर पर दुर्व्यवहार करने के मामले में शासन ने शिकायतकर्ता को तलब कर मांगे साक्ष्य

30 मार्च को लखनऊ में होगी सुनवाई

उमेश चन्द्र त्रिपाठी 

नौतनवां महराजगंज! नौतनवां तहसील के उपनिबंधक पर लगे भ्रष्टाचार के आरोपों एवं अधिवक्ताओं के साथ कथित दुर्व्यवहार के मामले में उत्तर प्रदेश शासन ने जांच प्रक्रिया तेज कर दी है। विशेष सचिव, स्टांप एवं रजिस्ट्रेशन विभाग ने संबंधित प्रकरण में शिकायतकर्ता को साक्ष्य प्रस्तुत करने के लिए नोटिस जारी किया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, विशेष सचिव स्टांप एवं रजिस्ट्रेशन विभाग, उत्तर प्रदेश शासन सुधीर कुमार ने 30 मार्च  को अपराह्न 4:00 बजे लखनऊ के गोमती नगर स्थित कमर्शियल कॉम्प्लेक्स में उपस्थित होकर साक्ष्य प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया है।

यह नोटिस सहायक महानिरीक्षक निबंधन, महराजगंज आलोक शुक्ला के माध्यम से शिकायतकर्ता नागेन्द्र प्रसाद शुक्ला को सौंपा गया है।

नोटिस प्राप्त होने के बाद आंदोलनकारी अधिवक्ता नागेन्द्र प्रसाद शुक्ला ने कहा कि मामला अब सीधे उत्तर प्रदेश शासन तक पहुंच चुका है। उन्होंने दावा किया कि भ्रष्टाचार से जुड़े सभी साक्ष्य 30 मार्च को शासन के समक्ष प्रस्तुत किए जाएंगे।

उन्होंने यह भी कहा कि अधिवक्ताओं के साथ हुए दुर्व्यवहार और विभागीय अनियमितताओं के खिलाफ लगातार आवाज उठाई जा रही है और अब उन्हें उम्मीद है कि जांच निष्पक्ष तरीके से होगी।

मामले को लेकर अधिवक्ताओं में भी हलचल तेज हो गई है और सभी की नजर अब 30 मार्च को होने वाली सुनवाई पर टिकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *