मोदी-योगी राज में “निषाद राज” से है कुछ सड़क छाप नेताओं को जलन 

नौतनवां तहसील क्षेत्र के नौडिहवा चौराहे पर “निषाद राज” का बोर्ड लगाने पर युवा नेता विकास मिश्रा के खिलाफ मुकदमा दर्ज, निषाद समाज में भारी आक्रोश 

उमेश चन्द्र त्रिपाठी 

नौतनवां महराजगंज! नौतनवां विकासखंड के ग्राम सभा नौडिहवा चौराहे पर निषाद समाज द्वारा गुहराज निषाद जयंती धूमधाम से मनाए जाने के बाद एक नया विवाद खड़ा हो गया है। 

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रहे युवा नेता विकास मिश्रा के विरुद्ध पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है, जिससे निषाद समाज में भारी आक्रोश व्याप्त है।

बताया जाता है कि मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्री राम के परम मित्र व उनके अनन्य भक्त महाराज गुहराज निषाद जी की जयंती के अवसर पर आसपास क्षेत्र से बड़ी संख्या में निषाद समाज के लोग एकत्रित हुए थे। इस दौरान समाज के लोगों ने अपनी पहचान को स्थापित करने के उद्देश्य से नौतनवां से ठूठीबारी रोड पर नौडिहवा चौराहे पर “निषाद चौराहा” नाम का एक बोर्ड स्थापित कर दिया।

स्थानीय लोगों के अनुसार, इस क्षेत्र में बड़ी संख्या में निषाद समाज के लोग निवास भी करते हैं, लेकिन उनकी कोई विशेष पहचान नहीं थी। ऐसे में निषाद राज की जयंती के अवसर पर बोर्ड लगाए जाने को समाज के लोगों ने अपने सम्मान और गौरव से जोड़कर देखा और इसे उत्सव के रूप में मनाया। कार्यक्रम के दौरान लोगों ने सरकार और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति अपनी निष्ठा भी व्यक्त की।

हालांकि बोर्ड लगाए जाने से कुछ अन्य लोगों में नाराजगी उत्पन्न हो गई। विरोध जताते हुए कुछ लोगों ने युवा नेता विकास मिश्रा पर विभिन्न आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर उनके खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया।

पुलिस की इस कार्रवाई के बाद निषाद समाज में भारी रोष व्याप्त है। 

समाज के लोगों का कहना है कि यह उनके सम्मान और पहचान से जुड़ा मामला है और वे इसे लेकर निर्णायक लड़ाई लड़ेंगे। सूत्रों के अनुसार, इस मुद्दे पर आगे की रणनीति बनाने के लिए समाज के लोग लगातार बैठकें कर रहे हैं। फिलहाल, मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।

इस संबंध में प्रभारी थानाध्यक्ष सोनौली रामचंद्र राय ने कहा कि मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *