उमेश चन्द्र त्रिपाठी
महराजगंज! महराजगंज में नकली और नशीली दवाओं की बिक्री तथा तस्करी के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। आज स्वास्थ्य विभाग, पुलिस और जिला प्रशासन की संयुक्त टीमों ने भारत-नेपाल अंतर्राष्ट्रीय सीमा से सटे इलाकों में दर्जन भर से अधिक मेडिकल स्टोरों पर छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान, प्रशासनिक टीमों ने मेडिकल स्टोरों से कई महत्वपूर्ण दवाओं के नमूने भी लिए। इसके साथ ही, मेडिकल स्टोर संचालकों के लाइसेंस, रजिस्ट्रेशन और अन्य आवश्यक दस्तावेजों की भी गहनता से जांच की गई।

स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने मीडिया को बताया कि जनपद स्तर पर एक विशेष टीम का गठन किया गया है। यह टीम सभी मेडिकल स्टोरों पर जाकर उनके लाइसेंस की वैधता की जांच कर रही है और दवाओं के नमूने एकत्र कर रही है।
एसडीएम नवीन कुमार ने मीडिया को जानकारी दी कि भारत-नेपाल सीमा एक संवेदनशील क्षेत्र है। यहां नशीली दवाओं की तस्करी की कई शिकायतें पहले भी मिल चुकी हैं। इसी के मद्देनजर आज सीमावर्ती क्षेत्रों में संचालित मेडिकल स्टोरों पर यह छापेमारी की गई है।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि शासन की मंशा साफ है कि नशीली दवाओं के कारोबार में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। योगी सरकार नकली और नशीली दवाओं के खिलाफ व्यापक अभियान चला रही है।