विकास खंड घुघली के ग्राम सभा सिरसिया में सदर विधायक जय मंगल कन्नौजिया ने किया शिलान्यास
प्रदेश सरकार आस्था के केंद्रों के संरक्षण
और विकास को लेकर प्रतिबद्ध – जय मंगल कन्नौजिया विधायक सदर
उमेश चन्द्र त्रिपाठी
महराजगंज!
चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर विकास खण्ड घुघली के ग्राम सभा सिरसिया स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर के सुंदरीकरण एवं जीर्णोद्धार कार्य का भव्य शुभारंभ सदर विधायक जय मंगल कन्नौजिया द्वारा शुक्रवार को विधिवत मंत्रोच्चार एवं पूजन-अर्चन के साथ किया गया। पर्यटन विभाग की ओर से लगभग 43.62 लाख रुपये की लागत से इस महत्वाकांक्षी परियोजना की आधारशिला रखी गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक जय मंगल कन्नौजिया ने कहा कि प्रदेश सरकार आस्था के केंद्रों के संरक्षण और विकास को लेकर पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सिरसिया का यह प्राचीन हनुमान मंदिर न केवल श्रद्धालुओं की गहरी आस्था का केंद्र है, बल्कि क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान का भी अहम प्रतीक है। मंदिर के सुंदरीकरण से यहां आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, वहीं स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी उत्पन्न होंगे।
उन्होंने आगे कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि धार्मिक स्थलों को पर्यटन मानचित्र पर स्थापित किया जाए, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों का समग्र विकास संभव हो सके। इस परियोजना के अंतर्गत मंदिर परिसर का व्यापक सौंदर्यीकरण कराया जाएगा, जिससे इसकी भव्यता और आकर्षण में और वृद्धि होगी।
विधायक ने उपस्थित जनसमूह से अपील करते हुए कहा कि इस कार्य को सफल बनाने में सभी लोग अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें तथा मंदिर की स्वच्छता और मर्यादा बनाए रखें। उन्होंने कहा कि जनसहभागिता से ही विकास कार्यों को स्थायित्व मिलता है।
इस अवसर पर पूर्व प्रमुख श्रवण सिंह, ग्राम प्रधान रवि पासवान, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष कृष्ण गोपाल जायसवाल, राकेश अग्रहरी, कन्हैया मोदनवाल, राज कुमार पासवान, दीपक यादव, उमेश प्रजापति, संजय पटेल, दुर्विजय पटेल, सुरेश पासवान सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं महिलाएं उपस्थित
रहीं। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं ने पारंपरिक मंगल गीत गाकर पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।