नेपाल के पाल्पा जिले में स्थित तिनाऊ नदी में लापता दोनों भारतीय युवकों का शव बरामद

उमेश चन्द्र त्रिपाठी 

बुटवल नेपाल! नेपाल के पाल्पा जिले में स्थित तिनाउ नदी में नहाने के दौरान डूबने से भारत के दो किशोरों की मौत हो गई, पुलिस गोताखोरों की मदद से दोनों के शव बरामद कर आवश्यक कार्यवाही में जुट गई है। यह घटना तिनाउ गाउँपालिका-3 स्थित जलविद्युत बांध क्षेत्र में रविवार को हुई थी, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। दोनों युवक अपने पांच अन्य साथियों के साथ नेपाल घूमने गए थे।

जिला पुलिस कार्यालय पाल्पा के डीएसपी होम प्रकाश चौधरी ने बताया कि भारत के संतकबीरनगर जिले से 7 लोगों का एक समूह घूमने के लिए पाल्पा आया हुआ था। इसी दौरान सभी युवक तिनाउ नदी के बांध क्षेत्र में नहाने लगे, जहां अचानक गहराई और तेज बहाव के कारण 2 किशोर डूब गए और लापता हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस, गोताखोरों और स्थानीय लोगों की मदद से खोजबीन शुरू की। सोमवार सुबह करीब दस बजे घटनास्थल से करीब 100 मीटर नीचे एक किशोर का शव बरामद किया गया। मृतक की पहचान 17 वर्षीय अमान अंसारी निवासी मेहदावल ठाकुरद्वार नगर पंचायत वार्ड संख्या 18, संतकबीरनगर के रूप में हुई है। वहीं, उसके साथ डूबा 17 वर्षीय फरहान अंसारी का शव दोपहर में पुलिस ने कुछ और दूरी पर बरामद किया।

सहायक प्रमुख जिलाधिकारी ऋषिराम सुवेदी ने बताया कि घटना स्थल जलविद्युत परियोजना के बांध के पास होने के कारण वहां पानी की गहराई अधिक और बहाव अनियमित रहता है, जिससे हादसे का खतरा बना रहता है। उन्होंने पर्यटकों और स्थानीय लोगों से अपील की है कि इस तरह के संवेदनशील स्थानों पर नहाने या पानी में उतरने से बचें। 

घटना के बाद मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। वहीं, समूह के अन्य 5 सदस्य सुरक्षित बताए गए हैं। इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *