डीएम और एसपी ने किया लेहड़ा देवी मंदिर का स्थलीय निरीक्षण, सुरक्षा को लेकर अधिकारियों को दिए जरूरी निर्देश

चैत्र नवरात्र पर्व को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट 

उमेश चन्द्र त्रिपाठी 

फरेंदा महराजगंज! 19 मार्च से शुरू हो रहे चैत्र नवरात्र को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। मंदिरों में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी गई है। 

जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा और पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीणा ने बृजमनगंज स्थित प्रसिद्ध लेहड़ा देवी मंदिर पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए।

नवरात्र के दौरान जिले के सभी प्रमुख और संवेदनशील मंदिरों पर अतिरिक्त पुलिस बल और पीएसी की तैनाती की गई है। ड्रोन कैमरों और सीसीटीवी के जरिए निगरानी की जाएगी, वहीं सादे कपड़ों में भी पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे ताकि संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा सके। महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए विशेष तौर पर महिला पुलिस बल लगाया गया है।

भीड़ नियंत्रण के लिए मंदिर परिसरों में बैरिकेडिंग की गई है और अलग-अलग प्रवेश व निकास मार्ग निर्धारित किए गए हैं। प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश और चिकित्सा व्यवस्थाएं भी दुरुस्त कराई हैं। घाटों और जलाशयों पर गोताखोर व नावों की व्यवस्था की गई है, जबकि अग्निशमन यंत्र और मेडिकल टीमें स्टैंडबाय पर रखी गई हैं।

प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें। सोशल मीडिया पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है और भ्रामक जानकारी फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। 

अधिकारियों का कहना है कि नवरात्र के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है, जिससे श्रद्धालु सुरक्षित माहौल में पूजा-अर्चना कर सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *