भगवा रक्षा परिषद और करणी सेना ने अधिकारियों को सौंपा ज्ञापन, धार्मिक भावनाएं आहत करने का लगाया आरोप
महराजगंज/आनंद नगर। फरेंदा क्षेत्र में स्थित एक मैरिज हॉल में आयोजित सत्संग कार्यक्रम को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है। भगवा रक्षा परिषद और करणी सेना के पदाधिकारियों ने प्रशासन को शिकायती पत्र देकर आरोप लगाया है कि सत्संग के दौरान धर्मांतरण को बढ़ावा देने तथा हिंदू देवी-देवताओं के संबंध में आपत्तिजनक और अश्लील सामग्री वाली पुस्तकों का वितरण किया गया।

भगवा रक्षा परिषद के जिला उपाध्यक्ष शिवांश पाण्डेय तथा करणी सेना के जिला अध्यक्ष सत्यम सोनी द्वारा क्षेत्राधिकारी फरेंदा एवं संबंधित अधिकारियों को दिए गए शिकायती पत्र में कहा गया है कि 7 जून 2026 को आनंद नगर स्थित परी मैरिज हॉल में एक धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किया गया था। आरोप है कि कार्यक्रम के दौरान धर्मांतरण संबंधी गतिविधियों के साथ-साथ आपत्तिजनक साहित्य का वितरण किया गया।
शिकायतकर्ताओं के अनुसार कार्यक्रम समाप्त होने के बाद सूचना मिली कि दो व्यक्ति, जिनकी पहचान दिलीप सहनी और बलकेश यादव के रूप में हुई, बड़हरा चौराहे पर सार्वजनिक रूप से उक्त पुस्तकों का वितरण कर रहे थे। आरोप है कि सूचना मिलने पर पहुंचे कार्यकर्ताओं ने एक व्यक्ति को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया, जबकि दूसरा मौके से फरार हो गया।

ज्ञापन में दावा किया गया है कि बरामद पुस्तकों में सनातन धर्म के पूज्य देवी-देवताओं के संबंध में अभद्र और आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग किया गया था, जिससे हिंदू समाज की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। संगठनों ने यह भी आरोप लगाया है कि इससे पहले भी इसी प्रकार के मामले में संबंधित लोगों के खिलाफ नौतनवा थाने में मुकदमा दर्ज हुआ था और कार्रवाई की गई थी।
भगवा रक्षा परिषद और करणी सेना ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज करने तथा कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है।
फिलहाल प्रशासन की ओर से मामले में आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। शिकायतों के आधार पर जांच की प्रक्रिया शुरू किए जाने की संभावना जताई जा रही है।