एक लाख का इनामी बदमाश मुस्तफिजुल उर्फ बाबू मुठभेड़ में घायल, सिपाही भी जख्मी

कृष्ण कांत त्रिपाठी 

गोरखपुर! सोमवार देर रात पुलिस और बदमाश के बीच हुई मुठभेड़ में एक लाख रुपये का इनामी अपराधी मुस्तफिजुल रहमान उर्फ बाबू घायल हो गया। इस दौरान मुख्य आरक्षी महेंद्र सिंह भी गोली लगने से जख्मी हो गए। दोनों घायलों को इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया है।

जानकारी के अनुसार 13 जुलाई 2026 की रात करीब 11 बजे रामनगर करजहा से कुशीनगर लेन के पास पुलिस टीम चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान संदिग्ध बाइक सवार को रोकने का प्रयास किया गया, जिस पर उसने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली लगने से बदमाश घायल हो गया, जिसके बाद उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।

घटनास्थल से पुलिस ने एक 32 बोर की पिस्टल, एक मोटरसाइकिल तथा भारी मात्रा में खोखा कारतूस बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार बदमाश मुस्तफिजुल रहमान उर्फ बाबू पुत्र जमालुद्दीन निवासी खुन्दनपुर थाना मेहनगर जनपद आजमगढ़ है। उसके खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, आपराधिक साजिश, धमकी समेत कुल 10 गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। वह लंबे समय से फरार चल रहा था और उस पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित था।

पुलिस अभिलेखों के अनुसार, मुस्तफिजुल के खिलाफ वर्ष 2003 में चोरी (धारा 379) का पहला मुकदमा दर्ज हुआ था। वर्ष 2008 में हत्या के प्रयास, मारपीट और धमकी से जुड़ा मामला सामने आया। वर्ष 2011 में गैंग बनाकर हमला और हत्या के प्रयास के मामले में मुकदमा दर्ज हुआ, जिसमें वह उसी समय से फरार था।

वर्ष 2012 में हत्या और आपराधिक साजिश (धारा 302/120बी) के मामले में भी उसके खिलाफ कार्रवाई हुई और 82-83 सीआरपीसी की कार्रवाई की गई। वर्ष 2021 में फिर हत्या और साजिश के मामले में मुकदमा दर्ज हुआ, जिसमें उस पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया। 

इसी वर्ष न्यायालय की अवहेलना (धारा 174-ए) और धमकी (धारा 506) के मुकदमे भी दर्ज हुए। वर्ष 2024 में उसके खिलाफ बीएनएस की धाराओं में दो और मुकदमे दर्ज हुए। 

इसी दौरान महाराष्ट्र के अमरावती ग्रामीण क्षेत्र में वह पुलिस हिरासत से भी फरार हो गया था। वर्ष 2026 में हरदोई जिले के बिलग्राम थाना क्षेत्र में भी उसके खिलाफ एक और मुकदमा दर्ज है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *