“खेत में बोर्ड, दुकान गायब… फिर भी 66 लाख का भुगतान! ग्राम प्रधान पर फर्जीवाड़े का गंभीर आरोप”

SDM नौतनवा से शिकायत—फर्जी दुकान के नाम पर सरकारी धन निकालने का आरोप, प्रधान की संपत्तियों की भी जांच की उठी मांग।

 मनोज कुमार त्रिपाठी 

नौतनवा/महराजगंज।

महराजगंज जनपद के नौतनवा तहसील क्षेत्र स्थित ग्राम पंचायत मंगलापुर में विकास कार्यों के नाम पर सरकारी धन के कथित दुरुपयोग का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। गांव निवासी हरिशंकर ने उपजिलाधिकारी नौतनवा को शिकायती पत्र देकर ग्राम प्रधान, ग्राम पंचायत सचिव तथा एक हार्डवेयर फर्म पर गंभीर वित्तीय अनियमितताओं के आरोप लगाए हैं।

शिकायतकर्ता का दावा है कि जिस हार्डवेयर दुकान के नाम पर ग्राम पंचायत से करीब 66 लाख रुपये का भुगतान दर्शाया गया है, वहां वास्तविकता में कोई दुकान संचालित ही नहीं होती। उनके अनुसार मौके पर केवल एक बोर्ड लगा है, जबकि वहां दुकान के बजाय बगीचा और खेत है। आरोप है कि फर्जी तरीके से बिल और भुगतान दिखाकर सरकारी धन का दुरुपयोग किया गया।

शिकायतकर्ता – हरिशंकर

शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि 66 लाख रुपये के भुगतान में लगभग 30 लाख रुपये की संदिग्ध निकासी की गई है। शिकायतकर्ता का कहना है कि इस संबंध में दस्तावेज भी शिकायत के साथ संलग्न किए गए हैं।

हरिशंकर ने प्रशासन से मांग की है कि पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए, संबंधित हार्डवेयर फर्म के बैंक खाते, बिल, जीएसटी रिकॉर्ड और भुगतान अभिलेखों की जांच की जाए। साथ ही ग्राम प्रधान की चल-अचल संपत्तियों की भी जांच कराई जाए, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि सरकारी धन के कथित दुरुपयोग से किसी प्रकार की अवैध संपत्ति तो अर्जित नहीं की गई।

अब यह मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित लोगों पर बड़ी कार्रवाई हो सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *