‘ऑपरेशन छुट्टी’ पर योगी फोर्स का सबसे बड़ा वार! 24 घंटे में 20 एनकाउंटर से कांपा अपराध जगत

मुजफ्फरनगर से मऊ तक बदमाशों में खौफ, योगी पुलिस की बुलेट स्पीड से अपराधियों की ‘छुट्टी’ तय

मनोज कुमार त्रिपाठी

उत्तरप्रदेश , लखनऊ । गर्मी की छुट्टियां शुरू होने में अभी करीब 15 दिन बाकी हैं, लेकिन उससे पहले ही उत्तर प्रदेश में अपराधियों की छुट्टी होती दिखाई दे रही है।

मुख्यमंत्री योगी के नेतृत्व में यूपी पुलिस जिस आक्रामक अंदाज में अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है, उसने पूरे प्रदेश में अपराध जगत में खौफ पैदा कर दिया है। बीते 24 घंटे में प्रदेश भर में 20 अलग-अलग एनकाउंटर हुए और योगी फोर्स ने साफ संदेश दे दिया कि “नया उत्तर प्रदेश” अपराध को स्वीकार नहीं करता।

योगी सरकार के शब्दकोश में अब अपराधी, इनामी, लुटेरे, बदमाश, माफिया, सार्प सूटर और हत्यारों के लिए कोई जगह नहीं बची है। महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा को लेकर सरकार की नीति बिल्कुल स्पष्ट है—कोई समझौता नहीं। यही वजह है कि गर्मियों की छुट्टियों से पहले यूपी पुलिस “ऑपरेशन छुट्टी” के तहत अपराधियों का सफाया करने में जुटी हुई है। हारून हो, शाहरुख पठान, खुशनूर या फिर महनूर—योगी फोर्स का एक ही संदेश है, कानून से खिलवाड़ करने वालों का अंजाम एक जैसा होगा।

मुजफ्फरनगर से लेकर अमरोहा, शामली, जौनपुर, मथुरा और मऊ तक पुलिस की कार्रवाई ने अपराधियों की नींद उड़ा दी है। बीते 24 घंटे में यूपी के अलग-अलग जिलों से लंगड़ाते बदमाशों की तस्वीरें सामने आईं। कहीं अपराधी कंधे के सहारे दिखाई दिए तो कहीं माफी मांगते नजर आए। हर जिले में एनकाउंटर का तरीका लगभग एक जैसा रहा—पुलिस पर फायरिंग, जवाबी कार्रवाई और फिर अपराधी के पैर में गोली। इसके बाद घायल बदमाशों को इलाज के लिए अस्पताल भेजते हुए जेल की कार्रवाई शुरू की गई।

इस पूरे ऑपरेशन का सबसे बड़ा असर मुजफ्फरनगर में देखने को मिला, जहां महज 10 घंटे के भीतर पांच एनकाउंटर हुए। सबसे पहले बुर्का गैंग के सरगना शाहरुख पठान को गिरफ्तार किया गया। इसके बाद 20 हजार के इनामी बदमाश का हिसाब हुआ। पंजाब से फरार सलमान को पकड़ा गया। फिर लूट के आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ में घायल किया और आखिर में खुशनूर को भी कानून का सबक सिखाया गया। दिनभर चली कार्रवाई में कुल आठ बदमाश गिरफ्तार किए गए, जिनमें पांच घायल हुए।

उधर हरदोई में पुलिस ने 7 साल के बच्चे के अपहरण, दुष्कर्म और हत्या के आरोपी 50 हजार के इनामी महनूर का एनकाउंटर कर दिया। पुलिस के मुताबिक, छापेमारी के दौरान आरोपी ने फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में हुई कार्रवाई में उसे गोली लगी और उसकी मौत हो गई। वहीं लखीमपुर खीरी में बच्ची से दुष्कर्म के आरोपी को भी पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया। पुलिस का कहना है कि आरोपी ने घेराबंदी के दौरान पुलिस पार्टी पर जानलेवा हमला किया था, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में उसे गोली लगी।

लगातार हो रही इन कार्रवाइयों ने यह साफ कर दिया है कि योगी सरकार अपराध और अपराधियों के खिलाफ अपने सबसे सख्त रूप में दिखाई दे रही है। प्रदेशभर में अपराधियों के बीच डर का माहौल है और पुलिस का मनोबल सातवें आसमान पर। योगी फोर्स का संदेश साफ है—उत्तर प्रदेश में कानून से ऊपर कोई नहीं, और अपराध का अंजाम अब सिर्फ जेल या फिर कानून की कड़ी कार्रवाई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *