महराजगंज में दर्दनाक सड़क हादसा: महिला को कई ट्रकों ने रौंदा, मौके पर मौत

फरेंदा में हादसे के बाद हड़कंप: शव को कूड़ा गाड़ी से भेजने पर भड़के लोग, ट्रक चालक फरार

राहुल सिंह

महराजगंज जिले के फरेंदा कस्बे में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। पुलिस बूथ के पास हुई इस दुर्घटना में 45 वर्षीय विमला देवी पत्नी स्वर्गीय छेदी, निवासी वार्ड नंबर 2 कल्याणपुरम टोला जगदीशपुर की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। बताया जा रहा है कि महिला अपने बेटे के साथ बाइक से दवा लेने जा रही थीं, तभी महराजगंज की ओर जा रहे एक अज्ञात ट्रक ने उन्हें चपेट में ले लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे के बाद कई अन्य ट्रक भी महिला के ऊपर से गुजर गए, जिससे शव क्षत-विक्षत हो गया और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

घटना के बाद राहगीरों और स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लिया, लेकिन एम्बुलेंस उपलब्ध न होने के कारण शव को कचरा ढोने वाली गाड़ी से पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। इस दृश्य को देखकर स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी फैल गई और लोगों ने व्यवस्था की संवेदनहीनता पर सवाल उठाए।

हादसे के बाद सभी ट्रक चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गए। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और फरार ट्रकों की पहचान करने में जुटी हुई है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल फरेंदा कस्बे में इस हादसे को लेकर लोगों में आक्रोश बना हुआ है। स्थानीय नागरिकों ने क्षेत्र में भारी वाहनों की आवाजाही और यातायात व्यवस्था को लेकर प्रशासन से सख्त कदम उठाने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *