उमेश चन्द्र त्रिपाठी
नौतनवां महराजगंज! लक्ष्मीपुर ब्लॉक के ग्राम भगवानपुर में सर्पदंश से कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय फरेंदा की छात्रा कल्याणी की दर्दनाक मौत से क्षेत्र में शोक की लहर है। घटना की जानकारी मिलने पर नौतनवां विधायक ऋषि त्रिपाठी पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे और उन्हें ढांढस बंधाया। इस दौरान विधायक ने मृतका के पिता जयहिंद शर्मा को अहेतुक सहायता के रूप में 4 लाख रुपये का चेक प्रदान किया। उन्होंने कहा कि यह घटना अत्यंत दुखद है और इस कठिन समय में सरकार एवं प्रशासन पूरी तरह से परिवार के साथ खड़ा है। साथ ही हर संभव मदद का भरोसा दिलाया।

इस मौके पर उपजिलाधिकारी नौतनवां नवीन कुमार, विधायक प्रतिनिधि चंद्र प्रकाश मिश्रा, वरिष्ठ भाजपा नेता हरिकेश पाठक सहित क्षेत्र के कई गणमान्य लोग एवं ग्रामीण मौजूद रहे। सभी ने दिवंगत छात्रा की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। ग्रामीणों ने भी विधायक द्वारा दी गई सहायता के लिए आभार जताया और कहा कि ऐसे कठिन समय में जनप्रतिनिधि का सहयोग परिवार के लिए बड़ी राहत है।