असलम शेख
गोरखपुर। कैंपियरगंज क्षेत्र के सनगद गांव में शनिवार दोपहर एक 20 वर्षीय युवती ने घर के अंदर छत की कुंडी में दुपट्टे के सहारे फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना से परिवार में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार सनगद गांव निवासी रमेश सहानी की बेटी अंशू (20) ने उस समय आत्मघाती कदम उठाया जब घर पर कोई मौजूद नहीं था। परिवार के अन्य सदस्य गांव में गए हुए थे और युवती घर में अकेली थी। काफी देर बाद जब परिजन लौटे तो युवती का शव फंदे से लटका मिला।
सूचना पर बलुआ पुलिस चौकी प्रभारी रूपेश कुमार मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बताया जा रहा है कि युवती की शादी महराजगंज जनपद के फरेंदा क्षेत्र के एक युवक से तय थी। दोनों की दिखाई और मंगनी भी हो चुकी थी। परिजन नवंबर या दिसंबर में शादी करने की योजना बना रहे थे।
पुलिस जांच में युवती के मोबाइल से मिली कॉल डिटेल के अनुसार आखिरी बातचीत मंगेतर से वीडियो कॉल के जरिए हुई थी। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। समाचार लिखे जाने तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।