घूसखोरी और अभद्रता के आरोप में निचलौल तहसील में कार्यरत लेखपाल मनीष पटेल निलंबित, विभागीय जांच शुरू 

उमेश चन्द्र त्रिपाठी 

महराजगंज! महराजगंज जिले के निचलौल तहसील में तैनात लेखपाल मनीष पटेल को भ्रष्टाचार, अनुशासनहीनता तथा शिकायतकर्ता के साथ कथित अभद्र एवं जातिसूचक टिप्पणी करने के आरोप में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। कार्रवाई उप जिलाधिकारी के समक्ष हुई शिकायत और प्रारंभिक जांच के आधार पर की गई।

बताया गया है कि शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि मिट्टी से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली और दो जेसीबी मशीनों को छोड़ने के एवज में लेखपाल द्वारा एक लाख रुपये की अवैध धन उगाही की मांग की गई। मामले की शिकायत स्थानीय प्रशासन और उप जिलाधिकारी से की गई। शिकायत की सुनवाई के दौरान एसडीएम कार्यालय में शिकायतकर्ता और लेखपाल के बीच तीखी नोक-झोंक भी हुई। आरोप है कि इस दौरान लेखपाल ने शिकायतकर्ता के साथ अमर्यादित व्यवहार किया तथा जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम ने तत्काल प्रभाव से लेखपाल को निलंबित करने के निर्देश दिए।

प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, प्रथम दृष्टया शासकीय अनुशासनहीनता, भ्रष्टाचार संबंधी आरोप तथा शिकायतकर्ता के साथ कथित अभद्र व्यवहार को आधार बनाकर यह कार्रवाई की गई है। मामले की विस्तृत जांच कराई जा रही है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक एवं विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

इस कार्रवाई के बाद तहसील प्रशासन में हड़कंप मच गया है। प्रशासन का कहना है कि सरकारी सेवा में भ्रष्टाचार, अनुशासनहीनता और आमजन के साथ दुर्व्यवहार किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा तथा दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *