जनेश्वर मिश्र जयंती समारोह में गरजे सपा नेता, विकास और आगामी चुनाव को लेकर सरकार पर साधा निशाना

उमेश चन्द्र त्रिपाठी 

महराजगंज। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं ‘छोटे लोहिया’ के नाम से प्रसिद्ध जनेश्वर मिश्र की जयंती पर आयोजित समारोह में समाजवादी विचारधारा, संगठन की मजबूती और क्षेत्रीय विकास के मुद्दे प्रमुखता से उठे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए। सभी ने जनेश्वर मिश्र के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।

समारोह को संबोधित करते हुए समाजवादी पार्टी के नेता व पूर्व विधायक कुंवर कौशल उर्फ मुन्ना सिंह ने कहा कि जनेश्वर मिश्र का पूरा जीवन सत्य, अहिंसा और समाजवाद के मूल्यों के लिए समर्पित रहा। उन्होंने कहा कि समाजवादी कार्यकर्ताओं का दायित्व है कि वे उनके विचारों को गांव-गांव और जन-जन तक पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि उन्हें जनेश्वर मिश्र की सेवा करने का सौभाग्य मिला, जिसे वह अपने जीवन का गौरव मानते हैं।

अपने संबोधन में मुन्ना सिंह ने क्षेत्रीय विकास के मुद्दों को लेकर सरकार और स्थानीय जनप्रतिनिधियों पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि विकास के बड़े-बड़े दावे किए जाते हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर जनता आज भी मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रही है। उन्होंने रोहिणी नदी पर पुल निर्माण का मुद्दा उठाते हुए कहा कि यह क्षेत्र की वर्षों पुरानी मांग है, जिसे आज तक पूरा नहीं किया जा सका। उन्होंने दावा किया कि इस विषय को उन्होंने विधानसभा में भी उठाया था तथा तत्कालीन सरकार और पार्टी नेतृत्व के समक्ष भी रखा था।

मुन्ना सिंह ने कहा कि समाजवादी पार्टी हमेशा जनता की आवाज बनकर उनके अधिकारों और विकास के मुद्दों को उठाती रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और समाजवादी विचारधारा को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।

आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने पूरे विश्वास के साथ कहा कि समाजवादी पार्टी उत्तर प्रदेश में मजबूती के साथ चुनाव लड़ेगी और जनता के समर्थन से अपना परचम लहराएगी। उन्होंने दावा किया कि समाजवादी विचारधारा पहले से अधिक ताकत के साथ आगे बढ़ेगी और प्रदेश में परिवर्तन का मार्ग प्रशस्त करेगी।

कार्यक्रम के अंत में आयोजक कुंवर कौशल उर्फ मुन्ना सिंह ने समारोह में शामिल सभी अतिथियों, पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर प्रमुख रूप से टिंकू पांडे, अश्वनी उर्फ राजू दुबे, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष बलराम यादव, अशोक यादव, तजेंद्र पाल उर्फ गोल्डी सिंह, अमर मणि यादव, संतलाल, जौवाद, जयराम सिंह, संदीप सिंह समेत बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *