जिला बदर के बाद भी जिले में जमा रहा रौब! सुनौली पुलिस ने घर से दबोचा, सीधे भेजा जेल

मनोज कुमार त्रिपाठी 

महराजगंज। जिला बदर होने के बावजूद महराजगंज में मौजूद रहकर कथित तौर पर लोगों को धमकाना और सोशल मीडिया के जरिए अपना दबदबा कायम करना शिवम पांडे को भारी पड़ गया। सुनौली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे उसके घर से गिरफ्तार कर लिया और न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया।

 

पुलिस के अनुसार लक्ष्मी नगर टोला तिसुरी, थाना सुनौली निवासी शिवम पांडे (27) के विरुद्ध 10 जुलाई को उत्तर प्रदेश गुंडा नियंत्रण अधिनियम, 1970 के तहत छह माह के लिए जिला बदर का आदेश जारी किया गया था। आदेश के अनुसार उसे निर्धारित अवधि तक महराजगंज जनपद की सीमा से बाहर रहना था, लेकिन वह कथित रूप से अपने घर पर ही मौजूद मिला।

 

पुलिस सूत्रों के मुताबिक आरोपी पर खाद लेकर जा रहे एक युवक का वीडियो बनाकर उसे धमकाने, रील बनाने वाले एक युवक से कथित तौर पर रुपये मांगने तथा सोशल मीडिया पर पुलिस को चुनौती देने और अपनी हनक दिखाने वाली पोस्ट साझा करने के आरोप हैं। इन शिकायतों की सूचना मिलते ही सुनौली पुलिस सक्रिय हुई और बिना देर किए उसके घर पर दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया।

 

पुलिस का कहना है कि जिला बदर आदेश के बावजूद जिले में मौजूद रहना स्वयं कानून का उल्लंघन है। इसी आधार पर शिवम पांडे के विरुद्ध उत्तर प्रदेश गुंडा नियंत्रण अधिनियम, 1970 की धारा 10 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

 

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी महेंद्र कुमार मिश्र, वरिष्ठ उपनिरीक्षक रामचंद्र राय, उपनिरीक्षक दिलीप कुमार, कांस्टेबल शिवकांत सिंह तथा कांस्टेबल भानु प्रसाद शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *