सोनौली नगर पंचायत कार्यालय स्थानांतरण का विरोध, जनप्रतिनिधियों ने ईओ को सौंपा ज्ञापन

कार्यालय वर्तमान स्थान पर बनाए रखने की मांग, वैकल्पिक स्थान के रूप में सरकारी भूमि या नई बॉर्डर सैनिक रोड क्षेत्र का दिया सुझाव।

मनोज कुमार त्रिपाठी 

सोनौली/महराजगंज।

सोनौली नगर पंचायत कार्यालय के प्रस्तावित स्थानांतरण को लेकर स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों की ओर से विरोध सामने आया है। इस संबंध में नौतनवा हिन्दूधर्म गौशाला समिति के संरक्षक ओमप्रकाश वर्मा, सोनौली के भाजपा नेता एवं मनोनीत सभासद प्रेम जायसवाल, सोनौली उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के अध्यक्ष सुभाष जायसवाल तथा भाजपा आईटी सेल के धर्मेंद्र जायसवाल के चार सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने नगर पंचायत की अधिशासी अधिकारी सुरभि मिश्रा से शिष्टाचार मुलाकात कर उन्हें एक ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि वार्ड संख्या 1, 3, 4, 5, 10, 11, 12 और 13 के अधिकांश नागरिकों एवं व्यापारियों की मांग है कि नगर पंचायत कार्यालय को उसके वर्तमान स्थान पर ही संचालित रखा जाए। उनका कहना है कि मौजूदा स्थान नगरवासियों के लिए अधिक सुविधाजनक है।

प्रतिनिधिमंडल ने यह भी सुझाव दिया कि यदि किसी कारणवश कार्यालय का स्थानांतरण आवश्यक हो, तो वर्तमान कार्यालय के पीछे स्थित लगभग 10 डिसमिल सरकारी खाली भूमि का उपयोग नगर पंचायत कार्यालय के लिए किया जाए। इसके अलावा भगवानपुर-सोनौली नई बॉर्डर सैनिक रोड के समीप किसी उपयुक्त स्थान पर भी कार्यालय स्थापित करने का विकल्प सुझाया गया।

ज्ञापन में कहा गया कि इस संबंध में स्थानीय नागरिकों की मांग से उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री एवं सांसद पंकज चौधरी, जिलाधिकारी महराजगंज तथा उपजिलाधिकारी नौतनवा को भी ऑनलाइन एवं डाक के माध्यम से अवगत कराया गया है।

प्रतिनिधिमंडल ने अधिशासी अधिकारी से जनहित को ध्यान में रखते हुए मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार कर उचित निर्णय लेने का आग्रह किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *