टेलीग्राम पर “पैसा दोगुना” का झांसा देने वाला साइबर गैंग बेनकाब, 5 आरोपी और एक नाबालिग गिरफ्तार

8 महीने से सक्रिय गिरोह ने लाखों की ठगी को दिया अंजाम, फर्जी खातों के जरिए करते थे खेल

उमेश चन्द्र त्रिपाठी 

महराजगंज! महराजगंज पुलिस ने साइबर ठगी के एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पांच शातिर अभियुक्तों और एक बाल अपचारी को गिरफ्तार किया है। गिरोह टेलीग्राम ग्रुप के जरिए लोगों को पैसा दोगुना-तिगुना करने का लालच देकर ठगी करता था। जिले में साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। 

पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में साइबर क्राइम थाना और निचलौल पुलिस की संयुक्त टीम ने इस संगठित गिरोह का भंडाफोड़ किया। यह कार्रवाई “प्रतिबिम्ब पोर्टल/हॉट स्पॉट” अभियान के अंतर्गत की गई। 

जांच के दौरान सामने आया कि गिरोह ने आगरा निवासी मुकुल निगम को टेलीग्राम ग्रुप में जोड़कर कम समय में पैसा दोगुना-तिगुना करने का लालच दिया और उससे करीब 7 लाख रुपये ठग लिए। 

आरोपियों ने अलग-अलग खातों में करीब 3.25 लाख रुपये मंगवाए और बाद में एटीएम व चेक के जरिए रकम निकाल ली। 

पुलिस के अनुसार गिरोह का सरगना रवि प्रताप सिंह था, जो स्थानीय जनसेवा केंद्रों और लोगों को कमीशन का लालच देकर बैंक खाते जुटाता था। इसके सहयोगी आकाश पटेल, विजय कुमार मौर्य, आशीष पांडेय, कार्तिकेय पटेल और एक नाबालिग थे। ये लोग पिछले 8 महीनों से सक्रिय होकर कई वारदातों को अंजाम दे चुके हैं। 

पुलिस ने आरोपियों के पास से 7 मोबाइल फोन, 7 एटीएम कार्ड, फर्जी आधार कार्ड, पैन कार्ड, पासबुक, क्रेडिट कार्ड समेत एक कार बरामद की है। वहीं चार अन्य आरोपी अभी भी फरार बताए जा रहे हैं। 

एसपी शक्ति मोहन अवस्थी ने लोगों से अपील की है कि ऑनलाइन निवेश या पैसा दोगुना करने के झांसे में न आएं और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत 1930 हेल्पलाइन या साइबर

थाने को दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *