आरटीआई से मिली जानकारी में पुलिस का दावा—जनपद के सभी थानों में फरियादियों को दी जाती है प्रार्थनापत्र की रिसीविंग
मनोज कुमार त्रिपाठी
आपको बता दें कि महराजगंज जिले के कुछ थानों में शिकायतकर्ताओं को प्रार्थना पत्र की रिसीविंग नहीं मिलने का मामला सामने आने के बाद भाजपा नेता जितेंद्र जायसवाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पुलिस व्यवस्था पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि कई लोगों ने उनसे शिकायत की थी कि थानों में तहरीर देने के बावजूद उन्हें रिसीविंग की प्रति नहीं दी जाती और कई मामलों में उनकी शिकायतों को अनदेखा कर दिया जाता है।
भाजपा नेता ने कहा कि उनकी पार्टी की सरकार समाज के हर वर्ग को न्याय दिलाने और अपराध के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम करने की बात करती है। ऐसे में थानों पर शिकायतकर्ताओं को उनके प्रार्थना पत्र की रिसीविंग नहीं मिलना गंभीर विषय है।
उन्होंने बताया कि इस समस्या की वास्तविक स्थिति जानने के लिए उन्होंने सूचना का अधिकार अधिनियम के तहत जानकारी मांगी थी। इसके जवाब में महराजगंज पुलिस की ओर से बताया गया कि जनपद के सभी थानों में फरियादियों को शिकायत की रिसीविंग दी जाती है।
जितेंद्र जायसवाल ने आम जनता से अपील की कि यदि किसी थाने में शिकायत देने के बाद रिसीविंग नहीं मिलती है तो संबंधित क्षेत्राधिकारी (सीओ) से इसकी शिकायत करें। इसके बावजूद सुनवाई नहीं होने पर पीड़ित उनसे संपर्क कर सकते हैं।
उन्होंने पुलिस अधीक्षक से भी मांग की कि जनपद के सभी थानों को स्पष्ट निर्देश जारी किए जाएं, ताकि शिकायतकर्ताओं को उनके प्रार्थना पत्र की रिसीविंग अनिवार्य रूप से मिले और उनकी शिकायतों पर न्यायपूर्ण तरीके से कार्रवाई सुनिश्चित हो सके।
