दहेज हत्या मामले में बड़ी कार्रवाई: नौतनवा पुलिस ने फरार पति को किया गिरफ्तार, सास-ससुर पहले ही जा चुके हैं जेल

मनोज कुमार त्रिपाठी 

नौतनवा, महराजगंज। दहेज हत्या के मामले में फरार चल रहे एक वांछित आरोपी को नौतनवा पुलिस ने सोमवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी को मुखबिर की सूचना पर खैराटी तिराहे से पकड़ा गया। मामले में आरोपी की मां और पिता को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।

पुलिस अधीक्षक महराजगंज के निर्देश पर वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक तथा क्षेत्राधिकारी नौतनवा के पर्यवेक्षण एवं थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह के नेतृत्व में थाना नौतनवा पुलिस ने यह कार्रवाई की।

पुलिस के मुताबिक थाना नौतनवा में दर्ज मु.अ.सं. 124/2026 में धारा 80(2), 85 भारतीय न्याय संहिता (BNS) तथा दहेज प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3/4 के तहत वांछित अभियुक्त दशरथ यादव (27 वर्ष) पुत्र चैन यादव, निवासी ग्राम खैराटी, थाना नौतनवा, जनपद महराजगंज को 07 जुलाई 2026 को सुबह 10:45 बजे खैराटी तिराहे से गिरफ्तार किया गया।

पुलिस ने बताया कि इसी मुकदमे में अभियुक्त के पिता चैन यादव और माता अमरावती देवी को पूर्व में गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा जा चुका है। फरार चल रहे पति की गिरफ्तारी के बाद अब मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक शेरबहादुर यादव, कांस्टेबल दीपक पाण्डेय, शंकर शाह तथा सुरेश गिरी शामिल रहे।

पुलिस का कहना है कि वांछित अपराधियों के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा और कानून से बचने की कोशिश करने वाले आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *