अतिक्रमण मुक्त कराई गई 40 डिसमिल सरकारी भूमि
उमेश चन्द्र त्रिपाठी
सोनौली महराजगंज! महराजगंज जिले के भारत-नेपाल सीमा स्थित सोनौली नगर पंचायत क्षेत्र में प्रशासन ने अवैध अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। बुलडोजर चलाकर करीब 40 डिसमिल सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया। लंबे समय से अवैध निर्माण की शिकायतों के बाद यह कार्रवाई की गई।
प्रशासन ने संबंधित लोगों को लगातार तीन बार नोटिस जारी कर स्वयं अतिक्रमण हटाने का अवसर दिया था। निर्धारित समय सीमा बीत जाने के बावजूद जब अतिक्रमण नहीं हटाया गया, तब प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बुलडोजर की कार्रवाई की।


यह अभियान नगर पंचायत सोनौली की अधिशासी अधिकारी सुरभि मिश्रा और नायब तहसीलदार सौरभ श्रीवास्तव के नेतृत्व में चलाया गया। कार्रवाई के दौरान राजस्व विभाग, नगर पंचायत और पुलिस बल की टीम मौके पर मौजूद रही, जिससे पूरा अभियान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
मौके पर मौजूद बुलडोजर ने अवैध निर्माणों को ध्वस्त कर सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त किया। इस दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए थे।
नायब तहसीलदार सौरभ श्रीवास्तव ने बताया कि नियमों के अनुसार तीन बार नोटिस देने के बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाया गया, जिसके बाद यह कार्रवाई करनी पड़ी। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और भविष्य में भी ऐसे मामलों में नियमानुसार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध अतिक्रमण करने वालों में हड़कंप मच गया।
स्थानीय लोगों ने भी सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने की इस पहल का स्वागत किया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी ऐसे अभियान लगातार चलाए जाएंगे, ताकि सार्वजनिक भूमि सुरक्षित रहे।