20 करोड़ रुपये की कोकीन के साथ दो विदेशी महिलाएं गिरफ्तार
उमेश चन्द्र त्रिपाठी
नई दिल्ली! दिल्ली पुलिस की रेलवे यूनिट ने अंतर्राज्यीय ड्रग तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन से दो नाइजीरियाई महिलाओं को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 2.288 किलोग्राम कोकीन बरामद की है, जिसकी अंतर्राष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 20 करोड़ रुपये बताई जा रही है।

पुलिस के मुताबिक, 31 जुलाई को प्लेटफॉर्म नंबर- एक पर गश्त के दौरान दोनों महिलाएं संदिग्ध परिस्थितियों में सामान के साथ घूमती मिलीं। तलाशी लेने पर उनके बैग से 11 पैकेट में छिपाकर रखी गई कोकीन बरामद हुई। इसके बाद दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 43 वर्षीय चिकांसो जेम्स और 41 वर्षीय हैप्पीनेस ओकोये के रूप में हुई है। पुलिस ने मुख्य आरोपी को रिमांड पर लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जबकि दूसरी आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजा गया है।
दिल्ली पुलिस का कहना है कि यह कार्रवाई दिल्ली और मुंबई के बीच सक्रिय ड्रग तस्करी नेटवर्क पर बड़ा प्रहार है। अब पुलिस इस गिरोह के अन्य सदस्यों, सप्लाई चेन और वित्तीय लेनदेन की जांच कर रही है, ताकि पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया जा सके।