दहेज प्रताड़ना का आरोप: भाई की तहरीर पर पति गिरफ्तार, सास-देवर फरार
राहुल सिंह ( आनंद नगर)
बृजमनगंज , महराजगंज (उत्तर प्रदेश):
महराजगंज जनपद के बृजमनगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत बचगंगपुर गांव के टोला थापापुर में शनिवार सुबह करीब 11 बजे एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। विवाहिता का शव घर के अंदर कमरे में पंखे से लटका हुआ मिला, जिससे गांव में सनसनी फैल गई।
जानकारी के अनुसार, मृतका घटना के समय घर के अंदर कमरे में थी। काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर परिजनों ने आवाज लगाई, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद परिजनों ने दरवाजा तोड़कर देखा तो विवाहिता का शव कमरे के अंदर फंदे से लटका मिला। यह दृश्य देखकर घर में चीख-पुकार मच गई और कुछ ही देर में सैकड़ों ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।
बारात लौटने के बाद मचा हड़कंप
बताया जा रहा है कि मृतका अंशू की शादी चार वर्ष पहले 9 मई 2022 को थापापुर निवासी कृष्ण गोपाल से हुई थी। शुक्रवार को अंशू के देवर कृष्ण मोहन की बारात गई थी।
शनिवार को जब देवर बारात लेकर घर लौटा, उसके करीब एक घंटे बाद अंशू का शव कमरे में फंदे से लटका मिला। घटना के बाद घर में चल रहे मांगलिक कार्यक्रम में अफरा-तफरी मच गई।

पुलिस मौके पर पहुंची, शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को फंदे से नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा कि मामला आत्महत्या का है या हत्या का।
भाई का आरोप- दहेज के लिए मारपीट कर हत्या की
मृतका के भाई कृष्ण चंद्र दुबे ने थाने में तहरीर देकर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने बताया कि शादी के बाद से ही अंशू का पति उसे दहेज के लिए प्रताड़ित करता था और लंबे समय से बातचीत भी बंद कर दी थी।
भाई का आरोप है कि शनिवार को देवर की बारात घर आने के बाद ससुराल पक्ष ने अंशू के साथ मारपीट की, उसके जेवर छीन लिए और फिर उसकी हत्या कर दी।

पति गिरफ्तार, सास-देवर की तलाश जारी
पुलिस ने भाई की शिकायत के आधार पर पति कृष्ण गोपाल, देवर कृष्ण मोहन और सास कमला देवी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने पति कृष्ण गोपाल को गिरफ्तार कर लिया, जबकि देवर और सास फरार बताए जा रहे हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
पुलिस का बयान
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।