नशे के सौदागरों के खिलाफ गुरुग्राम पुलिस की क्राइम ब्रांच को मिली बड़ी कामयाबी 

उमेश चन्द्र त्रिपाठी 

गुरुग्राम! नशे के सौदागरों के खिलाफ गुरुग्राम पुलिस की क्राइम ब्रांच को एक बड़ी कामयाबी मिली है। जहां एक लग्जरी कार से ₹35 लाख रुपए से अधिक मूल्य की 814 ग्राम हाई-क्वालिटी कॉमर्शियल MDMA ड्रग्स बरामद की गई है। इस हाई-प्रोफाइल ड्रग रैकेट में गिरफ्तार आरोपी की पहचान 33 वर्षीय अर्शद अली उर्फ अज्जू के रूप में हुई है, जो मूल रूप से केरल के कोझिकोड का रहने वाला है और फिलहाल गुरुग्राम के दौलताबाद में रह रहा था। 

आरोपी के पास वैध कॉमर्शियल पायलट का लाइसेंस है और वह वीआईपी और प्राइवेट चार्टर फ्लाइट्स उड़ाकर हर महीने ₹1लाख से अधिक की कमाई करता था। 

पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि उसे खुद इस सिंथेटिक ड्रग्स की भारी लत थी, और इसी लत के खर्च को पूरा करने तथा शॉर्टकट से अमीर बनने के लालच में वह खुद ड्रग्स का सप्लायर बन गया। वह यह नशीला पदार्थ नोएडा में सक्रिय एक नाइजीरियन ड्रग सिंडिकेट से ₹ 5 लाख एडवांस देकर लाया था और बाकी रकम माल दिल्ली-एनसीआर में खपाने के बाद देनी थी, लेकिन इससे पहले ही क्राइम ब्रांच की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर सेक्टर 103‌ के पास घेराबंदी कर उसे गाड़ी समेत दबोच लिया। 

राजेंद्र पार्क थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है और अब इस बात की भी गंभीरता से जांच की जा रही है कि क्या आरोपी ने कभी नशे की हालत में विमान उड़ाकर यात्रियों की जान जोखिम में डाली थी। फिलहाल फरार नाइजीरियन सप्लायर्स को पकड़ने के लिए छापेमारी जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *