दो संदिग्धों से 23.30 लाख रुपये से अधिक की नेपाली मुद्रा बरामद
उमेश चन्द्र त्रिपाठी
लखनऊ! भारत-नेपाल अंतर्राष्ट्रीय सीमा पर संदिग्ध गतिविधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना रूपईडीहा पुलिस ने दो संदिग्ध व्यक्तियों के कब्जे से 23,30,150 रुपये की नेपाली मुद्रा बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, क्षेत्र में चेकिंग और पूछताछ के दौरान उमाशंकर तिवारी निवासी सिंघानिया मिल, थाना रूपईडीहा, जनपद बहराइच तथा संजय अग्रवाल निवासी सीतापुरम टावर, टिकोनिया, जनपद लखीमपुर खीरी को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान एक कपड़े के झोले में रखी प्लास्टिक की काली पन्नी से भारी मात्रा में नेपाली मुद्रा बरामद हुई।
बरामदगी में 1000 नेपाली रुपये की 20 नोटों की गड्डियां, साथ ही 79 अतिरिक्त नोट, 500 रूपए की 5 गड्डियां, 100 नेपाली रुपये के 5 गड्डियां तथा 50 नेपाली रुपये के 100 नोट शामिल हैं। कुल बरामद नेपाली मुद्रा का मूल्य 23,30,150 रुपये बताया गया है।
पूछताछ के दौरान दोनों व्यक्ति बरामद नेपाली मुद्रा के संबंध में कोई संतोषजनक दस्तावेज या वैध स्पष्टीकरण प्रस्तुत नहीं कर सके। प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत होने पर पुलिस ने आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। बरामद नेपाली मुद्रा के संबंध में जांच एजेंसियों द्वारा आगे की जांच की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक बहराइच के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी नानपारा के पर्यवेक्षण में थाना रूपईडीहा पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की। सीमा क्षेत्र में अवैध धन के आवागमन पर रोक लगाने के लिए पुलिस का अभियान लगातार जारी है।