दिलीप त्रिपाठी
महराजगंज। नेपाल में आई भीषण बाढ़ के बाद नारायणी-गंडक नदी से भारत के महराजगंज जिले में बरामद हुए चार अज्ञात शवों को पोस्टमार्टम और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद रविवार देर रात नेपाल प्रशासन को सौंप दिया गया। बरामद शवों में तीन महिलाएं और एक पुरुष शामिल थे।

बताया गया कि चारों शव 27 अगस्त को नारायणी-गंडक नदी क्षेत्र से बरामद किए गए थे। शवों की पहचान नहीं होने के कारण उन्हें जिला अस्पताल के मुर्दाघर में सुरक्षित रखा गया था। मृतकों की पहचान सुनिश्चित करने के लिए पोस्टमार्टम के दौरान सभी चार शवों के DNA नमूने भी लिए गए हैं।
निचलौल तहसीलदार अमीश सिंह के मुताबिक, चारों शवों को दो एंबुलेंस के जरिए ठूठीबारी क्षेत्र के महेशपुर बॉर्डर तक पहुंचाया गया। यहां आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद शवों को नेपाल के नवलपरासी प्रशासन के सुपुर्द कर दिया गया।

अपर जिलाधिकारी प्रशांत कुमार ने बताया कि शवों को नेपाल प्रशासन को सौंपने से पहले सभी जरूरी कानूनी एवं प्रशासनिक औपचारिकताएं पूरी की गईं। अधिकारियों के अनुसार, शवों से लिए गए DNA नमूनों का विवरण नेपाल प्रशासन के साथ साझा किया जाएगा।
नेपाल में बाढ़ के बाद कई लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं। ऐसे में नेपाल में लापता लोगों के परिवारों से लिए जाने वाले DNA नमूनों से इन शवों का मिलान कराया जाएगा। DNA मैच होने पर मृतकों की पहचान सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी और उनके परिवारों को भी अपने प्रियजनों के बारे में जानकारी मिल सकेगी।


