नौतनवां में कस्टम विभाग की बड़ी कार्रवाई

नेपाल से अवैध रूप से लाया गया 7.81 टन PPE प्लास्टिक स्क्रैप और ट्रक जब्त

उमेश चन्द्र त्रिपाठी 

महराजगंज! नौतनवां डिवीजन के कस्टम अधिकारियों ने देर रात कार्रवाई करते हुए एक ट्रक से 7,810 किलो यानी 7.81 टन पीपीई प्लास्टिक स्क्रैप बरामद किया। कस्टम विभाग ने प्लास्टिक स्क्रैप के साथ ट्रक को भी जब्त कर लिया है।

कस्टम अधिकारियों को ट्रक के बारे में विशेष जानकारी मिली थी। इसके बाद देर रात टीम ने ट्रक को रोककर उसकी जांच की। तलाशी के दौरान ट्रक में बड़ी मात्रा में पीपीई प्लास्टिक स्क्रैप मिला।

कस्टम अधीक्षक श्रवण जायसवाल के अनुसार, जब्त किए गए प्लास्टिक स्क्रैप की कीमत 1,17,150 रुपये आंकी गई है। वहीं, ट्रक की कीमत करीब 5,50,000 रुपये बताई गई। इस तरह कस्टम विभाग के अनुसार जब्त किए गए माल और वाहन की कुल कीमत 6,67,150 रुपये है।

कार्रवाई के दौरान कस्टम अधिकारियों ने ट्रक चालक अजीत सिंह और माल के मालिक महेश शर्मा से पूछताछ की। पूछताछ पूरी होने के बाद दोनों को छोड़ दिया गया।

कस्टम विभाग के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में प्लास्टिक स्क्रैप को नेपाल से अवैध तरीके से भारत लाए जाने की बात सामने आई है। हालांकि, मामले में माल के स्रोत और इससे जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच अभी जारी है।

कस्टम विभाग अब यह पता लगाने में जुटा है कि प्लास्टिक स्क्रैप कहां से और किस रास्ते से लाया गया था और इसे भारत लाने में कौन-कौन लोग शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *