नौतनवा में तिरंगे का सैलाब, देशभक्ति के नारों से गूंजा पूरा नगर

विधायक ऋषि त्रिपाठी के नेतृत्व में निकली भव्य तिरंगा यात्रा, हजारों लोगों ने लिया हिस्सा

उमेश चन्द्र त्रिपाठी 

महराजगंज। स्वतंत्रता दिवस के उत्साह के बीच नौतनवा नगर गुरुवार को पूरी तरह देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। विधायक ऋषि त्रिपाठी के नेतृत्व में निकली भव्य तिरंगा यात्रा में हजारों लोगों ने हाथों में तिरंगा लेकर कदम से कदम मिलाया। भारत माता के जयघोष और देशभक्ति के नारों से नगर की सड़कें गूंज उठीं।

तिरंगा यात्रा छपवा चौकी से शुरू होकर पुरैनिया-नौतनवा चौराहा, रेलवे स्टेशन चौराहा, घंटाघर और अस्पताल मार्ग होते हुए गांधी चौक पहुंची। इसके बाद यात्रा नगर स्थित मैरिज हॉल में पहुंचकर संपन्न हुई। यात्रा के मार्ग में जगह-जगह लोगों ने तिरंगा लहराकर यात्रा का स्वागत किया।

यात्रा में नौतनवा चेयरमैन बृजेश मणि त्रिपाठी, ब्लॉक प्रमुख राकेश मदेशिया समेत कई जनप्रतिनिधि, सभासद, ग्राम प्रधान, पार्टी कार्यकर्ता और गणमान्य लोग शामिल रहे। शिशु मंदिर के छात्र-छात्राओं ने भी हाथों में तिरंगा लेकर पदयात्रा में उत्साहपूर्वक भाग लिया। तेज धूप के बावजूद बच्चों और युवाओं का जोश देखते ही बना।

 

इस दौरान विधायक ने क्षेत्रवासियों से स्वतंत्रता दिवस पर अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराने की अपील की। उन्होंने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। हर घर तिरंगा फहराकर हम राष्ट्र के प्रति अपनी एकजुटता और सम्मान का संदेश दे सकते हैं।

विधायक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में पूरे प्रदेश में राष्ट्रप्रेम और वीर शहीदों के सम्मान को समर्पित तिरंगा यात्राएं निकाली जा रही हैं। इसी क्रम में नौतनवा में भी हजारों लोगों ने उत्साह के साथ तिरंगा यात्रा में सहभागिता की।

नौतनवा की सड़कों पर लहराते तिरंगे और गूंजते भारत माता के जयघोष ने स्वतंत्रता दिवस से पहले पूरे नगर में देशभक्ति का जोश भर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *