पीपीगंज पोस्ट ऑफिस मामला: पीड़िता मीना गुप्ता की शिकायत पर 9 घंटे चली विभागीय जांच

इंस्पेक्टर ईशांत देव सिंह बोले— “वाउचर की पूरी जानकारी के बाद ही कुछ स्पष्ट कहा जा सकेगा”

मनोज कुमार त्रिपाठी 

गोरखपुर/पीपीगंज:
गोरखपुर के पीपीगंज पोस्ट ऑफिस में कथित अनियमितताओं और खाताधारकों के साथ धोखाधड़ी के आरोपों का मामला अब जांच के केंद्र में है। पीड़िता मीना गुप्ता की शिकायत के बाद विभागीय स्तर पर जांच शुरू की गई, जिसमें करीब 9 घंटे तक दस्तावेजों और खातों की पड़ताल किए जाने की जानकारी सामने आई है।

मीना गुप्ता के अनुसार, उन्होंने मामले की शिकायत PMG कार्यालय में की थी, जिसके बाद संबंधित अधिकारियों द्वारा जांच कराई गई। पीड़िता का आरोप है कि जांच के दौरान पोस्ट ऑफिस के रिकॉर्ड, पासबुक और अन्य दस्तावेजों की जांच हुई, जिसमें कई अनियमितताओं के संकेत मिले।

पीड़िता का यह भी दावा है कि जांच के दौरान मौजूद ईशांत देव सिंह ने कथित रूप से कहा कि यदि उनकी जगह वरिष्ठ अधिकारी (DPS) मौके पर आते, तो संबंधित कर्मचारियों पर निलंबन जैसी कार्रवाई हो सकती थी। हालांकि, इस कथन की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।

वहीं, इंस्पेक्टर ईशांत देव सिंह ने मामले पर कहा कि मामला संज्ञान में आया है और वाउचर से जुड़ी सभी जानकारियां मिलने के बाद ही किसी निष्कर्ष पर पहुंचा जा सकेगा। उन्होंने संकेत दिया कि जांच तथ्यों और दस्तावेजों के आधार पर आगे बढ़ाई जा रही है।

फिलहाल, मामले को लेकर स्थानीय स्तर पर चर्चाएं तेज हैं और लोग निष्पक्ष जांच के साथ जिम्मेदार लोगों पर उचित कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। डाक विभाग की अंतिम जांच रिपोर्ट आने के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *