8 जून से शुरू होगी कलश यात्रा, एक माह तक चलेगा निरंतर भण्डारा
मनोज कुमार त्रिपाठी
वाराणसी। धर्म, आस्था और लोककल्याण के उद्देश्य से राजातालाब क्षेत्र के पयागपुर-मातलदेई में सप्त दिवसीय श्री शिव शक्ति महायज्ञ एवं एक मासिक निरंतर भण्डारे का आयोजन किया जा रहा है। पुरुषोत्तम मास पंचकोशी यात्रा के पावन अवसर पर होने वाले इस धार्मिक आयोजन की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं।
आयोजन समिति के अनुसार महायज्ञ का शुभारंभ 8 जून 2026 (सोमवार) को प्रातः 8 बजे भव्य कलश यात्रा के साथ होगा। वहीं 17 मई से 15 जून तक निरंतर भण्डारे का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें प्रतिदिन श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया जाएगा। महायज्ञ की पूर्णाहुति एवं विशेष भण्डारा 15 जून 2026 (सोमवार) को संपन्न होगा।
इस धार्मिक अनुष्ठान का संरक्षण बनवासी बाबा जी महाराज कर रहे हैं, जो माँ कामाख्या के साधक एवं पराविद्या मर्मज्ञ के रूप में जाने जाते हैं। आयोजन स्थल पर वैदिक मंत्रोच्चार, यज्ञ-हवन, भजन-कीर्तन एवं धार्मिक प्रवचनों के माध्यम से श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक लाभ प्राप्त होगा।
आयोजकों ने क्षेत्रवासियों एवं दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं से इस महायज्ञ में सपरिवार शामिल होकर प्रसाद ग्रहण करने और पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की है। उनका कहना है कि यह आयोजन समाज में धार्मिक चेतना, सद्भाव और विश्व कल्याण की भावना को मजबूत करने का माध्यम बनेगा।
मुख्य बिंदु
आयोजन: सप्त दिवसीय श्री शिव शक्ति महायज्ञ
कलश यात्रा: 8 जून 2026, प्रातः 8 बजे
निरंतर भण्डारा: 17 मई से 15 जून 2026 तक
पूर्णाहुति एवं विशेष भण्डारा: 15 जून 2026
स्थान: पयागपुर, मातलदेई, राजातालाब, वाराणसी
संरक्षण: बनवासी बाबा जी महाराज
आयोजक: समस्त भक्तगण
“धर्म की जय हो, अधर्म का नाश हो, विश्व का कल्याण हो” के संकल्प के साथ यह महाआयोजन श्रद्धालुओं के लिए आस्था का केंद्र बनने जा रहा है।