धादिंग से चितवन तक रेस्क्यू टीमें तैनात – प्र. ना. म. नि. अबि नारायण काफ्ले (केन्द्रीय प्रहरी प्रवक्ता)
दिलीप त्रिपाठी
नेपाल। भोटेकोशी और त्रिशूली नदी में आई भीषण बाढ़ के कारण रसुवा के तटीय क्षेत्रों के साथ नुवाकोट, धादिंग, नवलपरासी पूर्व-पश्चिम और चितवन तक जनजीवन प्रभावित हुआ है। हालात को देखते हुए नेपाल पुलिस ने खोज, बचाव और राहत कार्य के लिए अतिरिक्त वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की टीमें तैनात की हैं।

नेपाल पुलिस के केंद्रीय प्रहरी प्रवक्ता प्रहरी नायब महानिरीक्षक (DIG) अबि नारायण काफ्ले ने बताया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में उद्धार एवं खोजी कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पुलिस जनशक्ति को व्यापक स्तर पर परिचालन किया गया है।
प्रवक्ता अबि नारायण काफ्ले के अनुसार, प्रहरी वरिष्ठ उपरीक्षक गोविन्द भोगटी के नेतृत्व में पांच सदस्यीय टीम को धादिंग में क्षतिग्रस्त राजमार्गों और सड़क खंडों पर आवागमन सुचारु कराने के लिए तैनात किया गया है।
वहीं प्रहरी वरिष्ठ उपरीक्षक अजय केसी को नवलपरासी पूर्व एवं पश्चिम में घायलों के उद्धार, राहत वितरण, भौतिक क्षति के आकलन, शव प्रबंधन, अतिरिक्त सहायता की व्यवस्था, फोटोग्राफी, ड्रोन कैमरा और संचार व्यवस्था की जिम्मेदारी दी गई है।

प्रहरी वरिष्ठ उपरीक्षक श्यामकृष्ण अधिकारी को गल्छी को बेस बनाकर धादिंग और नुवाकोट में तैनात किया गया है। इसी तरह प्रहरी वरिष्ठ उपरीक्षक रमेश थापा के नेतृत्व में पांच सदस्यीय टीम को गल्छी बेस के साथ धादिंग में राहत एवं बचाव कार्य के लिए लगाया गया है।
इसके अलावा प्रहरी वरिष्ठ उपरीक्षक तारादेवी थापा को जिला पुलिस कार्यालय चितवन में तथा प्रहरी वरिष्ठ उपरीक्षक विमलराज खड्का को नुवाकोट को बेस बनाकर नुवाकोट जिले में तैनात किया गया है।
🔎 अज्ञात शवों की पहचान के लिए भी पहल
बाढ़ में मिले लेकिन पहचान नहीं हो पाए शवों की फोटो सहित जानकारी नेपाल पुलिस की आधिकारिक वेबसाइट पर प्रकाशित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। शवों की कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के लिए Scene of Crime Officer सहित विशेष टीमें संबंधित जिलों में भेजी गई हैं।
नेपाल पुलिस के मुताबिक, लापता पुलिसकर्मियों और बाढ़ प्रभावित नागरिकों की खोज एवं उद्धार लगातार जारी है।
⚠️ पुलिस की लोगों से अपील
केंद्रीय प्रहरी प्रवक्ता अबि नारायण काफ्ले ने नागरिकों से नदी-नालों के किनारे, बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों और अन्य जोखिम वाले स्थानों पर न जाने की अपील की है। उन्होंने सरकार और सुरक्षा निकायों की ओर से जारी आधिकारिक सूचनाओं और निर्देशों का पालन करने को कहा है।
पुलिस ने लोगों से अफवाह, misinformation, disinformation और deepfake जैसी भ्रामक सूचनाओं को साझा या प्रसारित नहीं करने की भी अपील की है।


