वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ ने गोरखपुर महानगर स्थित नौसड़ तिराहे का किया औचक निरीक्षण 

अवैध पार्किंग और अतिक्रमण पर दिए कार्रवाई के आदेश

नो-पार्किंग में खड़े वाहनों का तुरंत कटेगा चालान, सड़कों से हटेगा अवैध अतिक्रमण

उमेश चन्द्र त्रिपाठी 

गोरखपुर! यातायात व्यवस्था को सुदृढ़, सुव्यवस्थित और जाम मुक्त बनाने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ एक्शन मोड में नजर आ रहे हैं। उन्होंने थाना गीडा क्षेत्रान्तर्गत प्रमुख प्रवेश द्वार माने जाने वाले नौसड़ तिराहे का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सड़कों पर यातायात के दबाव और वाहनों की आवाजाही का बारीकी से जायजा लिया। 

निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने नौसड़ तिराहे पर वाहनों के व्यवस्थित संचालन और अवैध पार्किंग को रोकने के लिए मातहतों को कड़े दिशा-निर्देश दिए। 

उन्होंने कहा कि शहर में आने-जाने वाले नागरिकों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सुगम, सुरक्षित और निर्बाध यातायात सुनिश्चित करना पुलिस की प्राथमिकता है। 

एसएसपी डॉ. कौस्तुभ ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे नौसड़ तिराहे पर नियमित रूप से गश्त बढ़ाएं और यातायात में  बाधा डालने वाले या नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करें। साथ ही सड़कों के किनारे से अतिक्रमण हटाने और नो-पार्किंग जोन में खड़े वाहनों पर तत्काल चालानी कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए। इस निरीक्षण के दौरान क्षेत्र के अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। 

पुलिस की इस तत्परता से स्थानीय लोगों में उम्मीद जगी है कि अब नौसड़ तिराहे पर रोजाना लगने वाले जाम से काफी हद तक निजात मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *