“कॉलेज बंद करो, नहीं तो रास्ते में मार देंगे” — बृजमनगंज में कॉलेज संचालक पर हमला, 10 लोगों पर गंभीर आरोप
राहुल सिंह
महाराजगंज जिले के बृजमनगंज क्षेत्र में शिक्षा जगत से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां उमा टेक्निकल डिग्री कॉलेज के संचालक पंकज कुमार जायसवाल पर हमला करने और कॉलेज बंद करने की धमकी देने का आरोप लगा है। घटना ने क्षेत्र में दहशत और चिंता का माहौल पैदा कर दिया है।
पीड़ित संचालक द्वारा पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, घटना 22 मई 2026 की रात करीब 10:30 बजे की है। पंकज कुमार जायसवाल अपने कुछ मित्रों के साथ महात्मा गांधी इंटर कॉलेज के सामने स्थित संजय टी-स्टॉल पर भोजन कर रहे थे, तभी अचानक 8 से 10 लोग वहां पहुंच गए और विवाद शुरू हो गया।
शिकायत में बंटी मद्धेशिया (वार्ड नंबर 7, बृजमनगंज), जैद पठान (मुर्दहिया) और इंद्रेश यादव (चैनपुर) समेत कुछ अज्ञात लोगों का नाम लिया गया है। आरोप है कि हमलावरों ने पंकज जायसवाल को धमकाते हुए कहा कि वे फरेन्दा से आकर बृजमनगंज में कॉलेज चला रहे हैं, इसे तुरंत बंद करें, अन्यथा आते-जाते समय जान से मार दिया जाएगा।
पंकज जायसवाल ने कहा कि वे अपने परिवार के मुखिया हैं और इस धमकी के बाद उनका परिवार भय और चिंता में है। उन्होंने आशंका जताई कि यदि उनके साथ कोई अप्रिय घटना होती है, तो इसके लिए नामजद और अज्ञात आरोपी जिम्मेदार होंगे।
फिलहाल मामले की शिकायत पुलिस को दे दी गई है और पीड़ित ने निष्पक्ष जांच कर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। क्षेत्र में इस घटना को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है।