मनोज कुमार त्रिपाठी
भैरहवा। भारत-नेपाल सीमा के प्रमुख बेलहिया नाका पर पर्यटकों और आम लोगों की सुविधा के लिए आधुनिक सार्वजनिक शौचालय एवं शुद्ध पेयजल वाटर एटीएम का उद्घाटन किया गया। 55 लाख रुपये की लागत से तैयार इस सुविधा का उद्घाटन लुंबिनी प्रदेश के युवा एवं खेलकूद मंत्री संतोष कुमार पाण्डेय ने किया।

खानेपानी तथा सरसफाई कार्यालय रुपन्देही के आयोजन और बेलहिया गांव समाज के समन्वय से तैयार इस परियोजना के लिए संतोष कुमार पाण्डेय के क्षेत्र विकास बजट से 55 लाख रुपये खर्च किए गए हैं।
कार्यक्रम के दौरान नवनिर्मित सार्वजनिक शौचालय और वाटर एटीएम को बेलहिया गांव समाज के अध्यक्ष सुमन शर्मा को हस्तांतरित किया गया। इसके बाद संरचना को सिद्धार्थनगर नगरपालिका को सौंपा गया, ताकि इसका संचालन और उपयोग आम नागरिकों एवं सीमा से होकर गुजरने वाले पर्यटकों के लिए किया जा सके।

कार्यक्रम में सिद्धार्थनगर नगरपालिका के नगर प्रमुख इस्तियाक अहमद खान सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे।
भारत-नेपाल सीमा पर आने वाले यात्रियों और पर्यटकों की संख्या को देखते हुए इस सुविधा को महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। सार्वजनिक शौचालय और वाटर एटीएम शुरू होने से बेलहिया नाका पर यात्रियों को स्वच्छता और शुद्ध पेयजल की बेहतर सुविधा मिलने की उम्मीद है।