भारतीय सीमा सटे नेपाल के नवलपरासी जिले के भुजहवा से पिकअप पर लदा 95 लाख रुपए मूल्य का मोबाइल का सामान बरामद, चालक फरार

उमेश चन्द्र त्रिपाठी 

महराजगंज!भारत से कस्टम चोरी कर नेपाल ले जाए जा रहे मोबाइल से जुड़े सामानों की बड़ी खेप सीमा सटे नेपाल में पकड़ी गई है। नवलपरासी पुलिस और सशस्त्र प्रहरी बल की संयुक्त टीम ने 94 लाख 84 हजार नेपाली रुपये कीमत की सामानों को बरामद किया है। तस्करी में प्रयुक्त पिकअप को भी कब्जे में लिया गया है।

जिला प्रहरी कार्यालय नवलपरासी के सूचना अधिकारी डीएसपी मदन थापा ने मीडिया को बताया कि इलाका प्रहरी कार्यालय महेशपुर और सशस्त्र प्रहरी बल भुजहवा बीओपी की संयुक्त टीम सीमा क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान भुजहवा क्षेत्र में एक पिकअप संदिग्ध अवस्था में दिखाई दिया। पुलिस टीम को देखते ही वाहन चालक पिकअप को लॉक कर मौके से फरार हो गया। तलाशी लेने पर पिकअप में बड़ी मात्रा में मोबाइल संबंधी सामान लदा मिला। बरामद सामान में 22 लाख 94 हजार रुपये मूल्य के 2,294 पीस मोबाइल एयरपॉड, 70 लाख 95 हजार रुपये के 44 हजार 300 पीस टेम्पर्ड ग्लास, 93 हजार रुपये के 930 पीस मोबाइल कवर और दो हजार रुपये मूल्य की एक बोरी प्लास्टिक शामिल है।

पुलिस के मुताबिक बरामद सामान और 20 लाख रुपये मूल्य के पिकअप वाहन को मिलाकर कुल कीमत 1 करोड़ 14 लाख 84 हजार रुपये आंकी गई है। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए बरामद सामान और वाहन को महेशपुर भंसार कार्यालय भेज दिया गया है। 

पुलिस यह भी पता लगा रही है कि इतनी बड़ी खेप भारत से किस रास्ते और किसके कहने पर नेपाल लाई जा रही थी?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *