भारत-नेपाल सीमा पर एसएसबी व सोनौली पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, स्मैक के साथ तस्कर गिरफ्तार

मनोज कुमार त्रिपाठी 

सोनौली (महराजगंज), शनिवार। भारत-नेपाल सीमा पर मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत एसएसबी की 66वीं वाहिनी एवं सोनौली पुलिस की संयुक्त टीम ने एक युवक को स्मैक के साथ गिरफ्तार कर बड़ी सफलता प्राप्त की है। आरोपी भारत से नेपाल की ओर इलेक्ट्रिक स्कूटी से पगडंडी मार्ग के रास्ते मादक पदार्थ की तस्करी करने का प्रयास कर रहा था।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 66वीं वाहिनी के डी समवाय, डंडा हेड की आसूचना एवं विशेष आसूचना टीम को विश्वसनीय सूचना प्राप्त हुई थी कि एक व्यक्ति सीमा स्तंभ संख्या 519 से लगभग 100 मीटर भारतीय सीमा क्षेत्र में स्थित फरेनी गांव के समीप से मादक पदार्थ लेकर नेपाल जाने वाला है।

सूचना के आधार पर कंपनी प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार ने तत्काल सोनौली पुलिस को अवगत कराया। इसके पश्चात एसएसबी एवं सोनौली पुलिस की संयुक्त टीम ने संदिग्ध स्थान पर घेराबंदी कर वाहनों एवं आने-जाने वाले व्यक्तियों की सघन जांच प्रारंभ की।

जांच के दौरान भारत से नेपाल की ओर जा रहे एक इलेक्ट्रिक स्कूटी सवार युवक को रोककर उसकी विधिवत तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से स्मैक बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान सलमान, निवासी कोल्हुई के रूप में बताई।

सोनौली थाना प्रभारी निरीक्षक महेंद्र कुमार मिश्रा ने बताया कि बरामद मादक पदार्थ के संबंध में आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस अधिनियम के अंतर्गत विधिक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही यह भी बताया कि भारत-नेपाल सीमा पर मादक पदार्थों की तस्करी एवं अन्य अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए एसएसबी एवं स्थानीय पुलिस द्वारा संयुक्त अभियान निरंतर चलाया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *